(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने जागरूकता रैली को झण्डी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि जनसंख्या स्थिरीकरण के बारे में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम विगत 05 दशकों से चल रहे हैं। इसके अच्छे परिणाम मिले हैं। एक निश्चित जनसंख्या वृद्धि दर का होना उपलब्धि है। विशाल जनसंख्या एक संसाधन भी है। लेकिन यह उपलब्धि तभी है, जब लोग स्वस्थ हों, आरोग्य हों। जहां चिकित्सकीय संसाधनों का अभाव हो, बीमारियां हों, वहां जनसंख्या की अबाध बढ़ोतरी बड़ी चुनौती है। विश्व जनसंख्या दिवस इसी चुनौती का अनुभव कराता है।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बढ़ती जनसंख्या से उपजी चुनौतियों की चर्चा करते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधन सीमित हैं, किन्तु उपभोग करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। संतुलन बनाये रखने के लिए यह जरूरी है कि जनसंख्या स्थिरीकरण के ठोस प्रयास हों। उन्होंने विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व और इस सम्बन्ध में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, आशा, ए0एन0एम0 बहनों से कहा कि वह लोगों को जनसंख्या स्थिरीकरण के महत्व की जानकारी जरुर दें।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एम0एस0एम0ई0 नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव होमगार्ड अनिल कुमार, निदेशक सूचना शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।