- मुख्यमंत्री ने करीब डेढ़ दशक पहले स्वयं द्वारा शुरू की गई परम्परा को अटूट रखते हुए वनवासियों के बीच दीपावली मनाई
- वंचितों को शासन की सभी सुविधाएं व नागरिक अधिकार मिलना ही सही मायने में दीपावली और रामराज जैसा : मुख्यमंत्री
- वनटांगिया गांव में गरीबों के पक्के मकान, पेयजल की सुविधा, बिजली, अच्छे विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र देखकर बेहद प्रसन्नता होती
- जैसे अयोध्या सज संवर रही, वैसे ही उ0प्र0, गोरखपुर और वनटांगिया गांव भी सज संवर रहे
- हर गरीब, वंचित, दीन-दुखी को गले लगाकर, साथ लेकर चलने वाले प्रयास फलीभूत होते
- हम सभी ने पिछले कुछ वर्षों से भारत व उ0प्र0 को बदलते हुए देखा
- प्रदेश में हर गरीब के पास अपना आवास
- वनटांगिया समुदाय के साथ-साथ ही मुसहर समाज के लोगों को पूरी तरह आवास से आच्छादित किया
- आवास, बिजली कनेक्शन, रसोई गैस कनेक्शन, 05 लाख रु0 का स्वास्थ्य बीमा कवर तथा रोजगार प्राप्त होना, सही मायने में दीपावली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर जनपद गोरखपुर में 153 करोड़ रुपये लागत की कुल 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रमाण पत्र, आवास की चाभी व मिष्ठान का उपहार देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टालों का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने करीब डेढ़ दशक पहले स्वयं द्वारा शुरू की गई परम्परा को अटूट रखते हुए वनवासियों के बीच दीपावली मनाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल अयोध्या के भव्य दीपोत्सव को सभी ने देखा। जैसे अयोध्या सज संवर रही है, वैसे ही उत्तर प्रदेश, गोरखपुर और वनटांगिया गांव भी सज संवर रहे हैं। दीपावली का पावन पर्व अंधकार से प्रकाश की ओर, बुराई से अच्छाई, अधर्म से धर्म, नकारात्मकता से सकारात्मकता, अन्याय से न्याय और अकर्मण्यता से कर्मशीलता की ओर ले जाने की प्रेरणा प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्य करने का जज्बा होना चाहिए। भाव ऐसा होना चाहिए कि हम किसी का अहित किए बिना, अपने परिश्रम और पुरुषार्थ से जो प्राप्त हो उसे समाज से भी जोड़ें। हर गरीब, वंचित, दीन-दुखी को गले लगाकर, साथ लेकर चलने वाले प्रयास फलीभूत होते हैं। हम सभी ने पिछले कुछ वर्षों से भारत व उत्तर प्रदेश को बदलते हुए देखा है, क्योंकि जब ईमानदारी के साथ कोई प्रयास किया जाता है तो उनके परिणाम भी ईश्वरीय कृपा से सकारात्मक होते हैं। 06 वर्ष पहले क्या किसी ने सोचा था कि अयोध्या में राम मंदिर बन पायेगा, यह एक सपना था लेकिन मंदिर बन ही नहीं रहा है, बल्कि रामलला के विराजमान की तिथि भी तय हो गयी है और यह सम्पूर्ण भारत में ही नहीं दुनिया के अन्दर जहां कही भी भारतवासी रहते हैं, वह गौरवान्वित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले मेडिकल काॅलेज का संचालन सुचारु ढंग से नहीं होता था, परन्तु अब मेडिकल काॅलेज भी अपनी बेहतर सुविधा के साथ आगे बढ़ रहा है। साथ ही, एम्स भी मेडिकल काॅलेज के साथ मिलकर कार्य कर रहा है। आज रामगढ़ताल अपनी भव्यता के साथ गौरव की अनुभूति करा रहा है और दूसरी ओर गोरखपुर का चिड़ियाघर एक अलग ही पहचान बनकर लोगों को आकर्षित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि प्रदेश में हर गरीब के पास अपना आवास है तो वनटांगिया गांव के लोगों के पास भी अपना पक्का आवास है। अब वनटांगिया समुदाय के साथ-साथ ही मुसहर समाज के लोगों को भी पूरी तरह आवास से आच्छादित कर दिया गया है।