सरकार को किसान विराधी बताकर,भाकियू ने प्रयागराज में किया रास्ताजाम

Prayagraj Zone

प्रयागराज (www.arya-tv.com) संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को भारत बंद को सफल बनाने के लिए भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने प्रयागराज के सुलेमसराय बाजार में रास्ताजाम किया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। इससे प्रयागराज कानपुर जीटी रोड पर यातायात ठप हो गया। जानकारी पाकर कई थाने की पुलिस और पीएसी के जवान मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर किसानों से सड़क छोड़ने को लेकर वार्ता की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल पाया।

भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्‍यक्ष ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर लगाया आरोप

भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष अनुज सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसान विरोधी है। लंबे समय से किसान आंदोलन कर रहे हैं लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

स्‍कूल-कालेज खुले हैं

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आज भारत बंद को सफल बनाने के लिए प्रयागराज में भी तैयारी है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के कार्यकर्ताओं ने कई जगह रास्ताजाम की रणनीति बनाई है। हालांकि अभी तक रास्‍ताजाम नहीं किया गया है। माहौल सामान्‍य है, सभी स्‍कूल-कालेज खुले हुए हैं और कार्यालय आदि भी जा रहे हैं। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस फोर्स अलर्ट है।

इन क्षेत्राें में रास्‍ताजाम की है तैयारी

भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया है कि जीटी रोड स्थित सुलेम सराय बाजार, शंकरगढ़, कोरांव, बहरिया, सरायममरेज में रास्ताजाम किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इस दौरान अगर किसानों का उत्पीड़ऩ हुआ तो अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन होगा। उधर भारत बंद को लेकर पुलिस अलर्ट है। शहर के साथ ही ग्रामीण इलाकों में भी फोर्स मुस्‍तैद है। सोरांव इलाके में दुकानें खुली हैं और कामकाज सामान्‍य रूप से चल रहा है। अभी तक कहीं रास्ता नहीं रोका गया है। सब कुछ सामान्‍य है। उम्‍मीद जताई जा रही है कि किसान नेताओं के आने के बाद ही कुछ प्रभाव दिख सकता है।

भारत बंद पर बढ़ाई गई रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा

दिल्ली बार्डर पर आंदोलन कर रहे किसान नेताओं के समर्थन में 27 सितंबर को भारत बंद का ऐलान किया गया है। इसको लेकर रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी और आरपीएफ के अतिरिक्त कर्मियों को लगा दिया है। प्रदेश में चुनाव की सरगर्मी को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि कहीं पर माहौल खराब न हो। भारत बंद के दौरान स्टेशन परिसर में चाक-चौबंद व्यवस्था है। जीआरपी और आरपीएफ ने कमान संभाली है।