CAA का विरोध करने वालों पर भड़के अनुपम खेर, कहा- इन चेहरों को गौर से देखिए…

Fashion/ Entertainment

नागरिकता कानून (Citizen Amendment act 2019) के खिलाफ के देश के कई हिस्सों में लोगों का विरोध प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में हुए हिंसक प्रदर्शन में 8 लोगों की मौत हो गई। बॉलीवुड के कई सितारे इस कानून के खिलाफ लगातार अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। मुंबई में भी रैलियां हो रही हैं। इस बीच अनुपम खेर ने ट्वीट कर एक तरफ प्रदर्शन कर रहे कलाकारों पर निशाना साधा तो दूसरी तरफ छात्रों से अपील भी की।

अनुपम खेर ने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘पिछले कुछ दिनों से देश के हालात देखकर, मन में कुछ अजीब से बेचैनी हो रही है। सोशल मीडिया और टेलीविजन के जरिए जो दृश्य देखने को मिल रहे हैं, उसे देखकर मन बहुत विचलित हो रहा है। हम सब अपनी जिंदगी के किसी न किसी मुकाम पर छात्र रहे हैं। हम सभी ने आंदोलनों में भाग लिया है और वो आंदोलन आमतौर पर सरकार के खिलाफ ही रहे हैं। छात्रों के आंदोलनों पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करूंगा, बल्कि ये भी कहूंगा कि स्वतंत्र भारत में ये उनका अधिकार है। लेकिन जब ऐसे तत्व जो देश को हानि पहुंचाना चाहते हैं, वो छात्रों के आंदोलनों में भाग लेना शुरू करें और अपने स्वार्थ के लिए देश को नुकसान पहुंचाए तो ये सब आगे चलकर हमारे भविष्य के लिए हमारे देश के भविष्य के लिए और हमारे छात्रों के भविष्य के लिए हानिकारक सिद्ध हो सकता है।’

https://twitter.com/AnupamPKher/status/1208038518984974342

 

अनुपम खेर ने आगे कहा, ‘जो देश की संपत्ति को आग लगा रहे है, वो देश के दुश्मन हैं। जो पुलिसवालों को पत्थर मार रहे हैं, उन्हें पकड़कर पीट रहे हैं, वो उपद्रवी हैं। और जो कुछ महान हस्तियां हैं, चाहे वो कलाकार हैं या साहित्यकार हैं या पत्रकार हैं या बुद्धिजीवी हैं, वो छात्रों के या किसी अल्पसंख्यक वर्ग के हमदर्द बिलकुल नहीं हैं। ये वो हैं जो ऐसी स्थिति में अपनी रोटियां सेंकने चले आते हैं। इन चेहरों को गौर से देखिए और इनके इतिहास पर जाइए, आपको मेरी बातों पर यर्थाथ नजर आएगा।’
इसके अलावा अनुपम खेर ने ट्वीट करते हुए लिखा है, ‘भरोसा सब पर कीजिए, लेकिन सावधानी के साथ, क्योंकि, कभी कभी खुद के दांत भी, जीब को काट लेते हैं।’
बता दें कि, गुरुवार को मुंबई में नागरिकता कानून को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में निर्देशक कबीर खान, उनकी पत्नी मिनी माथुर, निर्देशक नीरज घायवान, निखिल आडवाणी, राकेश ओमप्रकाश मेहरा, अनुभव सिन्हा, स्वरा भास्कर, महेश भट्ट, अभिनेता जावेद जाफरी, दानिश हुसैन, अर्जुन माथुर और सुशांत सिंह सहित कई कलाकार शामिल हुए थे।