‘अपने दम पर अकेले चुनाव लड़ेगी BSP’,-पार्टी किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होगी- Mayawati

# ## National

(www.arya-tv.com)  बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होगी और वह आगामी आम चुनाव और विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने का इरादा रखती है। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक हैं, हमारी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं और हम देश भर में बैठकें भी कर रहे हैं।

मायावती ने क्या कहा

मायावती ने कहा कि लोकसभा चुनाव का समय अब बेहद नज़दीक है। सत्ताधारी गठबंधन व विपक्षी गठबंधन की बैठकों का दौर चल रहा है, हालांकि इन मामलों में हमारी पार्टी भी पीछे नहीं है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सत्ता पक्ष NDA अपनी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की दलीलें दे रही है तो दूसरी तरफ विपक्षी गठबंधन सत्ताधारी को मात देने के लिए कार्य कर रही है और इसमें BSP भी पीछे नहीं है। बसपा प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने जैसी जातिवादी और पूंजीवादी सोच रखने वाली पार्टी के साथ गठबंधन करके फिर से सत्ता में आने की सोच रख रही है साथ ही NDA फिर से सत्ता में आने का दावा ठोक रही है लेकिन इनकी कार्यशैली यही बताती है कि इनकी नीति और सोच लगभग एक जैसी ही रही है। यही कारण है कि BSP ने इनसे दूरी बनाई है।

हम अकेले चुनाव लड़ेंगे

बसपा प्रमुख ने कहा कि हम अकेले चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हम राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना में अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे और हरियाणा, पंजाब और अन्य राज्यों में हम राज्य के क्षेत्रीय दलों के साथ चुनाव लड़ सकते हैं। इसके अलावा बसपा प्रमुख ने इंडिया और एनडीए गठबंधन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस के वादों को खोखला बताया और कहा कि सबसे पुरानी पार्टी सिर्फ सत्ता में आने के लिए गठबंधन कर रही है।