दुनिया के सबसे बड़े जहाज की बुकिंग शुरू; यात्री क्षमता 7000, फैमिली सुईट का किराया 27 लाख

International

(www.arya-tv.com)अगर आप क्रूज यात्रा के शौकीन हैं, तो दुनिया के सबसे बड़े जहाज के पहले यात्रियों में शामिल हो सकते हैं। मार्च 2022 से शंघाई से रवाना होने वाले क्रूज ‘वंडर ऑफ द सीज’ के पहले सफर के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। रॉयल कैरेबियन इंटरनेशनल ने इसकी पहली तस्वीरें शेयर की है।

दो हजार से ज्यादा लग्जरी रूम वाले इस जहाज पर 6,988 यात्री सवार हो सकते हैं। इसका एक व्यक्ति का किराया डेढ़ लाख से लेकर साढ़े तीन लाख रुपए तक है, जबकि 4 लोगों के फैमिली सुईट के लिए करीब 27.5 लाख रुपए चुकाने होंगे। इसमें ओपन एयर एक्वा थिएटर के अलावा करीब 2000 पौधों वाला सेंट्रल पार्क भी बना हुआ है।

क्रूज कंपनी रॉयल कैरेबियन इंटरनेशनल के मुताबिक यात्री मार्च 2022 से नवंबर 2022 के बीच शंघाई से जापान की पहली राउंड ट्रिप पर जा सकेंगे। 9 रातें और 8 दिन के इस सफर दौरान यह टोक्यो, माउंट फूजी, कुमामोटो, कागोशिमा, इशिगाकी और मियाजाकी जैसे पोर्ट से गुजरेगा। इसके अलावा यह एशिया के कुछ टॉप रेटेड जगहों के लिए भी सफर शुरू करेगा। इनमें दक्षिण कोरिया, वियतनाम भी शामिल हैं। नवंबर 2022 से जनवरी 2023 के दौरान क्रिसमस, न्यू ईयर और अन्य छुट्टियों को देखते हुए वियतनाम के चान मे, दक्षिण कोरिया के बुसान और जेजु के अलावा चीन के ताईपेई के लिए भी बुकिंग की जा सकती है।

10 मंजिला इस जहाज पर 18 डेक और 2867 स्टेटरूम्स यानी आलीशान सुईट्स हैं। इसकी लंबाई 1188 फीट चौड़ाई 210 फीट और वजन करीब 2.37 लाख टन है। इसमें पूल, स्पोर्ट्स जोन, जिम, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट के अलावा मिनी गोल्फ कोर्स भी है।