पंजाब के लुधियाना में अदालत में ब्लास्ट, दो लोगों की मौत चार घायल,जानें पूरा मामला

# ## National

(www.arya-tv.com) पंजाब के लुधियाना में गुरुवार को अदालत में ब्लास्ट हुआ है। धमाका अदालत की तीसरी मंजिल पर हुआ और इसमें 2 लोगों की मौत हो गई है। 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह धमाका पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के लुधियाना पहुंचने से कुछ देर पहले ही हुआ है।

बताया जा रहा है कि धमाका तीसरी मंजिल पर स्थित बाथरूम में हुआ। सूत्रों ने भास्कर को बताया कि एक बॉडी अभी बाथरूम में ही मौजूद है। आशंका जाहिर की जा रही है कि यह बॉडी सुसाइड बॉम्बर की है।हालांकि, अभी इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।

आतंकी हमले का एंगल हुआ तो पूरी जांच हाथ में लेगी NIA

जांच के लिए NIA की दो सदस्यीय टीम भी चंडीगढ़ से रवाना हो चुकी है। NIA की टीम पंजाब पुलिस की फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर धमाके की जांच करेगी। इसमें यह भी देखा जाएगा कि क्या यह विदेशी ताकतों की हरकत तो नहीं है। अगर इसमें टेरर एंगल मिला तो फिर NIA जांच अपने हाथ में ले लेगी। इसके अलावा चंडीगढ़ से फॉरेंसिक टीम को लुधियाना भेजा गया है।

मृतकों की संख्या बढ़ सकती है- चश्मदीद

ब्लास्ट के समय अदालत में मौजूद क्लर्क गुरपाल सिंह ने कहा कि फोटोस्टेट की मशीन के पीछे बाथरूम में बलास्ट हुआ है। चार घायल हैं। एक या दो की हालत इतनी गंभीर है कि उनकी डेथ भी हो सकती है। तीन को मैं खुद नीचे छोड़कर आया हूं।

 हड़ताल के चलते अदालत में भीड़ कम थी

यह धमाका तीसरी मंजिल पर कोर्ट नंबर 9 के पास बाथरूम में हुआ। धमाका होने से कोर्ट की पूरी इमारत हिल गई। इमारत की खिड़कियों के शीशे चटक गए हैं और पार्किंग में खड़ी कारें भी क्षतिग्रस्त हुईं हैं। मौके पर मौजूद लोग सिलेंडर फटने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने अभी धमाके के बारे में कोई बयान नहीं दिया है। अदालत में अफरा-तफरी का माहौल है। हालांकि वकीलों की हड़ताल के चलते आम दिनों की तुलना में गुरुवार को यहां भीड़ कम थी।

आला पुलिस अधिकारी, प्रशासन के अधिकारी और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया है। पुलिस बल ने कोर्ट परिसर को चारों तरफ से घेर लिया है। शहरभर में हाईअलर्ट जारी करते हुए नाकाबंद कर दी गई है। शहर में आज मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी एक जनसभा को संबोधित करने पहुंच रहे हैं।

चुनाव से पहले पंजाब में गड़बड़ी की साजिश

धमाके के बाद CM चन्नी ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही देश और पंजाब विरोधी ताकतें माहौल खराब कर रही हैं। पहले बेअदबी के जरिए पंजाब में गड़बड़ी की कोशिश की गई, उसमें कामयाब नहीं हुए। अब इस तरह की हरकत की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि मैं किसानों के साथ मीटिंग कर रहा था। इसे जल्दी खत्म करके अब लुधियाना जा रहा हूं। वहां जाकर पूरे हालात की जानकारी लूूंगा। सरकार इस पर पूरी तरह सचेत है। लोगों को भी सचेत रहने की जरूरत है। चुनाव के मद्देनजर कुछ एजेंसियों की इस तरह की कोशिश की जा रही है।