‘हरियाणा में सभी 10 लोकसभा सीट जीतेगी बीजेपी’, पावर मिलते ही एक्शन में प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी

National

(www.arya-tv.com) हरियाणा बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने शनिवार को कहा कि लोकसभा की सभी 10 सीटों पर बीजेपी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव जीतने का लक्ष्य दिया।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता मतभेद भुलाकर मोदी और मनोहर के लिए काम करें। नायब सैनी बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद शनिवार की सुबह चंडीगढ़ पहुंचे और यहां उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ मुलाकात की। नायब सैनी ने कहा कि आज पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं के पास जनता में सरकार की उपलब्धियां गिनवाने के लिए बहुत कुछ है।

अब समय आ गया है जब कार्यकर्ताओं को सभी दस लोकसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी करनी है। इसके तुरंत बाद हरियाणा में विधानसभा के चुनाव होंगे। सैनी ने कहा कि वह पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। बीजेपी का हर कार्यकर्ता अभी से चुनावी तैयारी में जुट जाए सरकार की ओर से लागू की गई कल्याणकारी नीतियों को घर-घर पहुंचाने का काम करेगा।

उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों के दौरान हरियाणा में बीजेपी ने 27 वर्ष जितना काम किया है। इन कामों को जनता तक पहुंचाना जरूरी है।बीजेपी का प्रत्येक कार्यकर्ता लोगों के घर-घर दस्तक देगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर के साथ बैठकर पार्टी की रणनीति को तय किया जाएगा। इसके बाद फील्ड में उतरा जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नायब सैनी का स्वागत करते हुए कहा कि सैनी जमीन से जुड़े हुए कार्यकर्ता हैं। बीजेपी में कभी भी परिवारवाद नहीं चलता। यहां संगठन के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को विशेष अहमियत दी जाती है।

बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी जब मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात करने के लिए पहुंचे तो सीएम ने पुराने दिनों को याद करते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए हुए कार्यकर्ताओं को बताया कि उनकी नायब सैनी के साथ पहली मुलाकात वर्ष 1995 में हुई।

नायब सैनी उस समय न केवल कंप्यूटर ऑपरेटर थे, बल्कि संगठन के नाते कई तरह के दफ्तरी कामों को संभालते थे।वर्ष 2003 तक सैनी ने बीजेपी कार्यकर्ता न होते हुए भी पूर्णकालिक तरीके से दफ्तरी कामों को संभाला।

इसके बाद नारायणगढ़ में केबल टीवी का काम शुरू कर दिया। 2014 में जब नारायणगढ़ से प्रत्याशी उतारने की बात आई तो पार्टी ने सैनी को सम्मान दिया। आज उन्हें प्रदेश की बागडोर सौंपी गई है।