बीजेपी अध्यक्ष ने कहा योगी सरकार के बुलडोजर से सपा को सबसे ज्यादा पीड़ा

# ##

(www.arya-tv.com)यूपी में तेज होती चुनावी सियासत के बीच जुबानी जंग ने भी जोर पकड़ लिया। बुधवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाबा मुख्यमंत्री के बुल, बुलडोजर वाले बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा योगी सरकार का बुलडोजर जिन अपराधियों और माफिया पर चल रहा है इन लोगों की 2017 से पहले समानांतर सरकार चल रही थी।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा सपा सरकार में माफिया तत्वों ने गरीबों की जमीनों पर कब्जा करके अपनी कोठियां खड़ी कर ली थीं। अब योगी सरकार उनसे अवैध कब्जे वापस लेकर गरीबों को आवास बना रही तो अखिलेश यादव को तकलीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि माफिया पर बुलडोजर चलने से सर्वाधिक पीड़ा समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव को हो रही है। सपा राज में गुंडो और माफिया को हवाई जहाज में सैर करायी जा रही थी। अपराध और गुंडागर्दी की खुली छूट मिलती थी, योगी सरकार उन्हें जेल की हवा खिला रही है। संगठित अपराध से अर्जित उनकी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चला रही है तो अखिलेश का दुखी होना स्वाभाविक है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा यह आश्चर्य और दुख दोनों का ही विषय है कि योगी सरकार द्वारा संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई की आम जनता तो खुले दिल से स्वागत कर रही है लेकिन सपा अध्यक्ष के लिए सर्वाधिक पीड़ा का कारण है। जाहिर है ये सभी अपराधी सपा से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया को याद रखना चाहिए कि उनका सत्ता से बाहर होने का एक मुख्य कारण गुंडागर्दी और अपराधियों को प्रश्रय देना रहा है। कहा कि उससे भी चौंका देने वाली बात यह है कि जो व्यक्ति स्वयं मुख्यमंत्री रह चुका हो, वह अपराधियों और माफिया के खिलाफ कार्रवाई का खुलेआम विरोध कर रहा है इससे सपा का चरित्र और मजबूरी, दोनों ही सबके सामने है। इस विरोध से सपा प्रमुख ने पुष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी क्यों अपराधी और अपराध का पर्याय समझी जाती रही है।

भाजपा अध्यक्ष ने विजय रथयात्रा पर साधा निशाना

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि लंबे समय बाद महल से फाइव स्टार रथयात्रा से निकले सपा प्रमुख योगी सरकार का जमीनी विकास देखकर हवाई वादे पर उतर आये हैं। उन्होंने कहा सपा सरकार के ऐजेंडे में अपना और सैफई का विकास तक सीमित था। बिजली भी चुनिंदा शहरों में ही भरपूर मिलती थी। भाजपा सरकार के लिए प्रदेश के सभी 75 जिले वीआईपी हैं। सभी जिलों में भरपूर बिजली मिल रही है। पिछली सरकारों में उपेक्षित बुंदेलखंड क्षेत्र को एक्सप्रेस वे से जोड़कर विकास के द्वारा खोलने जा रहे हैं। एक्सप्रेस वे के दोनों तरफ औद्योगिक गलियारा बनाने जा रहे हैं। बुंदेलखंड की सबसे बड़ी पेयजल की समस्या पहली बार भाजपा सरकार दूर कर घर-घर पाइप के जरिये पानी की आपूर्ति की जा रही है। खेती और सिंचाई के बेहतर प्रबंध हुए हैं।

मुख्यमंत्री बाबा कहकर अखिलेश ने कसा था तंज

चुनावी विजय रथयात्रा पर निकले अखिलेश यादव ने बुधवार को कानपुर में भाजपा पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री बाबा के पास केवल बुल और बुलडोजर है। सपा सरकार बनते ही मुख्यमंत्री बाबा के साथ दोनों गायब हो जाएंगे। बुल से उनका आशय आवारा पशुओं से था।