मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रभारी के विवादित बयान पर छिड़ा घमासान

# ## National

(www.arya-tv.com)मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रभारी पी. मुरलीधर राव के बयान पर बवाल हो गया है। उन्होंने कहा कि हमारी एक जेब में ब्राह्मण और दूसरी में बनिया हैं। हालांकि, उन्होंने बाद में बात काे संभालते हुए कहा कि जब भाजपा में ब्राह्मण नेता थे, तब मीडिया ब्राह्मणों की पार्टी कहती थी।

जब बनिया नेता शामिल हुए, तो बनियों की पार्टी कही जाने लगी, लेकिन हमने (भाजपा) रूट नहीं बदला। आने वाले समय में पार्टी अनुसूचित-जाति और जनजाति (SC-ST) और OBC वर्ग पर फोकस करेगी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुरलीधर के इस बयान पर कहा कि भाजपा के नेता सत्ता के नशे में चूर हो गए हैं।मुरलीधर राव ने कहा कि उपचुनाव में सरकार और संगठन ने समन्वय के साथ काम किया। राव ने प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की तारीफ की। उन्होंने कहा कि धारणा थी कि उपचुनाव सरल नहीं था, लेकिन चुनौतीपूर्ण जोबट और पृथ्वीपुर विधानसभा में रिकॉर्ड जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि एक जमाने में कांग्रेस पंचायत से संसद तक मजबूत थी। वैसे, अब BJP मजबूत रहेगी।

दोनों वर्गों से माफी मांगनी चाहिए
मुरलीधर राव का बयान आने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि ‌BJP नेता सत्ता के नशे व अहंकार में चूर हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- ये हैं भाजपा के मध्यप्रदेश के प्रभारी मुरलीधर राव जो कह रहे हैं कि मेरी एक जेब में ब्राह्मण हैं और एक जेब में बनिया हैं।

जिस वर्ग के नेताओं ने भाजपा को खड़ा करने में महती भूमिका निभाई है, उन वर्गों का यह कैसा सम्मान? यही प्रभारी इसके पहले भाजपा के चार-पांच बार के सांसद-विधायकों को नालायक भी कह चुके हैं। इनके पूर्व प्रोटेम स्पीकर क्षत्रिय समाज का अपमान कर चुके हैं। उन्हें इन दोनों वर्गों से माफी मांगनी चाहिए।