बिजनौर: टीवी एक्‍टर गोलीकांड में लापरवाही बरतने पर SO समेत 3 पुलिस वाले सस्पेंड, खेत के विवाद में गई थी जान

Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com) टीवी ऐक्टर भूपेंद्र सिंह की तरफ से किए गए गोलीकांड में एसपी ने बुधवार को थानाध्यक्ष, हल्का दारोगा और बीट सिपाही को सस्पेंड कर दिया। मामले में सीओ की भूमिका की भी जांच एसपी देहात को सौंपी गई है।

बढ़ापुर थाना क्षेत्र में एक्टर भूपेंद्र सिंह पर पेड़ के मालिकाना हक के विवाद में गोली चलाने का आरोप लगा था। इसमें एक शख्स की मौत हो गई थी जबकि मृतक की मां, पिता और भाई घायल हो गए थे। पुलिस भूपेंद्र को साथी समेत जेल भेज चुकी हैं।

जानकारी के मुताबिक, रविवार को भूपेंद्र का गांव में खेत की मेड़ पर लगे पेड़ काटने पर गुरदीप सिंह से विवाद हो गया। आरोप है कि भूपेंद्र ने साथियों के साथ मिलकर गुरदीप पक्ष पर फायरिंग कर दी थी।

इसमें गुरदीप के बेटे गोविंद सिंह की मौत हो गई थी। वहीं गुरदीप सिंह, पत्नी बीरो बाई और दूसरा बेटा अमरीक सिंह गोली लगने से घायल हो गए थे। जांच में सामने आया कि घटना से पहले ही पुलिस के सामने यह मामला आया था।

सीओ नगीना संग्राम सिंह ने भी नहीं दिखाई थी दिलचस्‍पी

विवाद से संबंधित मामले का समय से निस्तारण नहीं किया गया था। अब थानाध्यक्ष सुमित राठी, हल्का दारोगा यासीन अली और बीट सिपाही कृष्ण कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। बताया जा रहा है सीओ नगीना संग्राम सिंह ने भी मामले में दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। अब सीओ की भूमिका की जांच एसपी देहात को दी गई है।