मुंबई पुलिस पर भड़के बिहार DGP, बोले- SC के ऑब्जर्वेशन को ठेंगा दिखा रहे हैं

National

(www.arya-tv.com) बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने मुंबई पुलिस पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को नहीं मानने का आरोप लगाया है। गुरुवार को डीजीपी पांडे मुंबई में क्वारंटाइन किए गए पटना एसपी विनय तिवारी के मुद्दे पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस ने हमारे अफसर को तीन दिन से कैदी बना रखा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वे (मुंबई पुलिस) सुप्रीम कोर्ट के ऑब्जर्वेशन को भी ठेंगा दिखा रहे हैं।

सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में सुशांत के पिता केके सिंह ने पटना के राजीवनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद बिहार पुलिस की एक टीम केस की जांच के लिए मुंबई गई। आरोप लगा कि मुंबई पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर रही है। इसके बाद बिहार पुलिस ने जांच में तेजी लाने के लिए तेजतर्रार अफसर पटना एसपी आईपीएस विनय तिवारी को मुंबई भेजा। वहां पहुंचने पर विनय को क्वारंटाइन कर दिया गया।

सुशांत मौत मामले की जांच को बिहार सरकार ने सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी। केंद्र सरकार ने इसे स्वीकार कर लिया और इस संबंध में बुधवार को नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया। इसके बाद बिहार पुलिस की टीम मुंबई से गुरुवार को पटना लौट गई। इन सब के बीच मुंबई पुलिस ने अभी तक पटना एसपी विनय तिवारी को नहीं छोड़ा है। इसी मुद्दे पर बिहार के डीजीपी मुंबई पुलिस पर भड़क गए हैं।\