Agra News: आगरा में श्रीमद्भागवत कथा के आयोजक प्रदीप मिश्रा की हत्या, पूजा के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग

# ## Agra Zone

जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के रूपपुरा गांव में बृहस्पतिवार रात श्रीमद्भागवत कथा के मुख्य आयोजक प्रदीप मिश्रा की मंदिर परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। कथा में विराम के दौरान वह मंदिर में पूजा का दीपक रखने पहुंचे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावर ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पेट और सीने में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

कथा में विराम के दौरान हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, रूपपुरा गांव में बाल विकास के तत्वावधान में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन चल रहा था, जिसके मुख्य आयोजक प्रदीप मिश्रा थे। बृहस्पतिवार रात कथा में विराम होने के बाद वह घर के पास स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना और दीपक रखने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावर ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल प्रदीप मिश्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर ले गए। वहां से चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर होने पर इटावा जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। इटावा जिला अस्पताल के ईएमओ ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुरानी रंजिश की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। ग्रामीणों के अनुसार करीब एक वर्ष पहले प्रदीप मिश्रा के परिवार में आयोजित एक जन्मदिन समारोह के दौरान गांव के ही एक युवक से विवाद हुआ था। आरोप है कि युवक उस समय नशे की हालत में था और कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था। तभी से आरोपी रंजिश रखे हुए था।

परिवार में मचा कोहराम

प्रदीप मिश्रा खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे और तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी अर्चना और 18 वर्षीय पुत्र ऋषभ हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरोपियों की तलाश में पुलिस

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और नामजद आरोपों समेत सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।