बरेली : आंधी-बारिश से तबाही, तीन की मौत, कई लोग घायल

Uncategorized

कुछ दिन पहले भारी बारिश से बड़ा नुकसान झेल चुके बरेली में गुरुवार सुबह फिर कुदरत का कहर बरपा। आंधी-तूफान में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि जगह-जगह दीवार, बिजली खंभे, पेड़ गिरने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बिजली और ट्रैफिक व्यवस्था पटरी से उतरी नजर आई। रात तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं सकी। पेड़ टूटने से सड़कों पर जाम के हालात बने रहे। फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है।

देवीय आपदा की वजह से जिले की  सदर एवं आंवला तहसील क्षेत्र में जनहानि देखने को मिली है। थाना सिरौली क्षेत्र के अंजनी गांव में तूफान के दौरान प्रताप के मकान गिर गया। हादसे में अपने घर बाहर बैठी सुदामा (60) और पोती रिया(5) के साथ राजाराम का बेटा राजा (8) मलबे में दब गए। गांववालों ने पुलिस की मदद से तीनों को अस्पताल भिजवाया। सुदामा और राजा की जान नहीं बचाई जा सकी। दूसरा हादसा सीबीगंज क्षेत्र के बल्लाकोठा गांव में हुआ। पशुओं को चारा डालने गई गणेशी देवी (25) की मकान गिरने से मौत हो गई। किला क्षेत्र में दीवार गिरने से आठ बच्चे घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले में आंधी से बिजली के 20 से अधिक स्थानों पर बिजली के पोल व तार टूटने की घटनाएं सामने आई हैं। तमाम स्थानों पर पेड़ टूटने से यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन, पुलिस, फायर बिग्रेड लगातार रेस्क्यू में जुटे नजर आए।