जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र स्थित कुणाल प्लाईवुड फैक्ट्री में शुक्रवार की शाम एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री परिसर में करीब 40 फीट गहरे गड्ढे की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिसके मलबे में दबकर 25 वर्षीय एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगे हैं। आक्रोशित परिजनों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट पर शव रखकर जमकर प्रदर्शन किया, जिसके बाद एसडीएम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार, मृतक मजदूर की पहचान भोजपुर ओसढ़ निवासी 25 वर्षीय सुरजीत के रूप में हुई है। शुक्रवार शाम करीब 4:40 बजे फैक्ट्री परिसर में 40 फीट गहरे गड्ढे की खुदाई का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गड्ढे में सुरजीत समेत चार-पांच मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंस गया। अन्य मजदूर तो किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन सुरजीत भारी मलबे के नीचे फंस गया। साथी मजदूरों ने अपने सीमित संसाधनों से उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद फैक्ट्री प्रबंधन मौके से नदारद हो गया और बचाव कार्य में कोई सक्रियता नहीं दिखाई। काफी मशक्कत के बाद जब तक सुरजीत को मलबे से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
