Bareilly News : परसाखेड़ा आवासीय योजना में बनेगी सात किलोमीटर सड़क

# ## Bareilly Zone

परसाखेड़ा आवासीय योजना में 10 करोड़ रुपये से सात किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क का निर्माण कराया जाएगा। 45 मीटर चौड़ी इस सड़क के लिए टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

यह महत्वाकांक्षी आवासीय योजना कुल 522 हेक्टेयर के विशाल क्षेत्र में तैयार की जा रही है, जिसमें आवासीय, व्यावसायिक और पार्क के लिए अलग-अलग भूमि निर्धारित की गई है। मुख्य सड़क के निर्माण के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये के दो अलग-अलग टेंडर निकाले हैं। सेक्टर चार में अलग-अलग चौड़ाई की सड़कें बनाई जाएंगी। इसमें सबसे प्रमुख 45 मीटर चौड़ी सड़क होगी, जिसकी लंबाई 1.5 किलोमीटर निर्धारित की गई है। इसके अलावा, क्षेत्र में 30 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जो सबसे लंबी यानी 3.5 किलोमीटर की होगी। आंतरिक कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए 24 मीटर चौड़ी सड़क भी बनाई जाएगी, जिसकी कुल लंबाई 1.8 किलोमीटर होगी। यह सभी सड़कें मुख्य मार्ग को आपस में जोड़ेंगी।अधिशासी अभियंता राजेंद्रनाथ राम ने बताया कि सड़क बनने के बाद सर्विस लेन और नालियों का निर्माण कराया जाएगा।

ट्यूलिया गांव की भूमि पर बनेगा मुख्य मार्ग
परसाखेड़ा आवासीय योजना का मुख्य मार्ग ट्यूलिया गांव की भूमि पर बनाया जाना तय हुआ है। इस प्राइम लैंड पर मुख्य मार्ग का निर्माण होने से न सिर्फ आवासीय योजना को बेहतर और चौड़ा रास्ता मिलेगा, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों की तस्वीर भी बदल जाएगी। जमीन का निर्धारण होने के बाद विभाग ने टेंडर प्रक्रिया को तेज कर दिया है ताकि बिना किसी बाधा के समय पर निर्माण शुरू कराया जा सके।