बाराबंकीः समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण में बाराबंकी पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर एक नई उपलब्धि अपने नाम की है। इतना ही नहीं, जनपद के 21 थानों ने भी प्रदेश स्तर पर अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
यह उपलब्धि पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) रितेश कुमार सिंह के नेतृत्व में लगातार की गई प्रभावी मॉनिटरिंग, समीक्षा और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का परिणाम मानी जा रही है। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने आईजीआरएस सेल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि आगे भी आमजन की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा, ताकि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध समीक्षा और प्रभावी पर्यवेक्षण किया गया। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर सत्यापन कराया गया, शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित किया गया और नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया गया। इसी व्यवस्थित कार्यप्रणाली के चलते बाराबंकी पुलिस ने प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।
