शराब की दुकानों की कमाई में पार्टनर ने हड़पे दो करोड़, कोर्ट के आदेश पर सफदरगंज पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

# ## UP

शराब की पांच दुकानों की साझेदारी में करीब दो करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप लगाते हुए सलेमपुर निवासी रामचन्दर ने चन्दवारा निवासी शैलेन्द्र कुमार उर्फ पप्पू समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि वर्ष 2018 से 2024 के बीच दुकानों से हुई आय का पूरा हिसाब नहीं दिया गया। रकम का हिसाब मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

न्यायालय के आदेश पर सफदरगंज पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी, गाली-गलौज और धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। रामचन्दर के मुताबिक वर्ष 2018-19 में आबकारी विभाग की अंग्रेजी, देशी शराब, बीयर और मॉडल शॉप की ऑनलाइन लॉटरी में शैलेन्द्र कुमार के साथ साझेदारी हुई थी। आवेदन और अन्य खर्च में दोनों की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी तय हुई थी।

इसके बाद रामचन्दर और उनके परिवार व रिश्तेदारों के नाम पांच दुकानें स्वीकृत हुईं। इनमें उधौली चौराहा की अंग्रेजी, भानमऊ की देशी, लालपुर करौता चौराहा, पंजरौली चौराहा और गौरा करौदी चौराहा की दुकानें शामिल थीं। दुकानों की देखरेख के लिए तेज बहादुर को मैनेजर बनाया गया था।

छह साल की आय का पूरा हिसाब नहीं देने का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि दुकानों की आय का हिसाब शैलेन्द्र कुमार, उनके भाई देवेन्द्र कुमार और शशिकान्त देखते थे। वर्ष 2018 से 2024 तक करीब दो करोड़ रुपये की आमदनी का हिसाब बनता है, लेकिन उन्हें पूरी जानकारी और रकम नहीं दी गई। आरोप है कि वर्ष 2018 से 2021 तक का भी अधूरा हिसाब दिया गया और बाकी रकम का हिसाब छिपा लिया गया। शिकायतकर्ता ने रकम मांगी तो गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में पहले थाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई थी। कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली गई।