54 साल बाद खोला जाएगा बांके बिहारी मंदिर का खजाना, हाई पावर कमेटी के आदेश पर शुरू हुई प्रक्रिया

# ## UP

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर का प्राचीन और सालों पुराना खजाना आज खोला जा रहा है। आखिरी बार साल 1971 में इस तोषखाने को खोला गया था। सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी के सख्त निर्देशों पर यह ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है, जिसमें मंदिर की संपत्ति का ब्योरा तैयार करने का मुख्य उद्देश्य है।

मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सिविल जज, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य, वन विभाग के अधिकारी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर फिलहाल उपस्थित हैं। पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तोषखाने की वीडियोग्राफी कराई जा रही है, जिससे की किसी भी तरह के कोई विवाद की गुंजाइश न रहे। मंदिर के गर्भगृह के ठीक नीचे स्थित इस तहखाने को ‘तोषखाना’ कहा जाता है, जो 1864 में निर्मित हुआ था।

मान्यता है कि इसमें भगवान बांके बिहारी के बेशकीमती आभूषण, सोने-चांदी के सिक्के, नवरत्न युक्त स्वर्ण कलश, पन्ना का मोरनी हार, रजत शेषनाग और अन्य ऐतिहासिक धरोहरें संरक्षित हैं। हालांकि, 1971 में कुछ कीमती वस्तुओं को मथुरा के भूतेश्वर स्थित स्टेट बैंक के लॉकर में स्थानांतरित कर दिया गया था।

इस खजाने पर भक्तों और सेवायतों की निगाहें टिकी हुई हैं। हाई पावर कमेटी के सदस्य दिनेश गोस्वामी ने बताया कि प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी, और इससे प्राप्त संपत्ति का उपयोग मंदिर के हित में किया जाएगा। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, तोषखाने में अब क्या-क्या बचा है, इसका खुलासा होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

यह निर्णय मंदिर की दर्शन व्यवस्था में हालिया सुधारों के बाद आया है, जिसमें वीआईपी पास सिस्टम को समाप्त कर सामान्य भक्तों के लिए सुगमता बढ़ाई गई है। स्थानीय सेवायतों का मानना है कि यह कदम मंदिर की परंपराओं को मजबूत करेगा। प्रक्रिया की लाइव अपडेट के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से अलग से घोषणा की जाएगी।