बजरंग पूनिया को मिलेगा राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड

Game

भारतीय स्टार पहलवान बजरंग पूनिया को इस साल राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह अवॉर्ड खेल के क्षेत्र में दिया जाने वाला भारत का सर्वोच्च सम्मान है। बजरंग को कुश्ती के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए इस साल यह अवॉर्ड दिया जाएगा। बजरंग ने जॉर्जिया से पीटीआई से कहा कि, ‘ मेरे पास इस पुरस्कार के लिए उपलब्धियां थीं। मैंने हमेशा कहा है कि पुरस्कार सबसे योग्य लोगों को मिलना चाहिए।’
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए बजरंग पूनिया के साथ ही महिला पहलवान विनेश फोगाट के नामों की सिफारिश की थी। उनके नाम पर फैसला 12 सदस्यीय चयन समिति ने दो दिवसीय बैठक के शुरूआती दिन में लिया। पैनल में बाईचुंग भूटिया और एम सी मेरीकाम भी शामिल हैं। इसकी जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने पीटीआई से कहा कि बजरंग को खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया। उनके नाम पर फैसला सर्वसम्मति से हुआ।

बजरंग पूनिया को पिछले साल खेल रत्न नहीं मिल पाया था, जिसको लेकर उन्होंने नाराजगी जताई थी और उस समय के खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर से मुलाकात कर अपनी निराशा जाहिर की थी। पहला खेल रत्न पुरस्कार शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथ आनंद को 1991-92 में मिला था। बजरंग विश्व चैम्पियनशिप में दो बार के पदकधारी हैं और अगले साल टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए प्रबल दावेदारों में शामिल हैं।