लखनऊ-कानपुर और आगरा में बारिश:प्रदेश के 20 शहरों में बरसात और तेज हवा का अलर्ट

# ## Environment

(www.arya-tv.com) लखनऊ, कानपुर और आगरा में शुक्रवार सुबह से बारिश हो रही है। वहीं, झांसी और प्रयागराज में काले बादल झाए हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 शहरों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जगहों पर तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है। कानपुर में गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह 10 बजे तक 6.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

इससे पहले गुरुवार को 37.2 डिग्री सेल्सियस के साथ झांसी-हमीरपुर सबसे गर्म जिले रहे हैं। वहीं, 16°C के साथ अयोध्या और बिजनौर सबसे ठंडा शहर रिकॉर्ड किए गए हैं। गुरुवार शाम को भी प्रदेश में मौसम ने करवट ली। गुरुवार शाम को भी कानपुर समेत कई जिलों में रिमझिम बारिश हुई। इसके अलावा, कई जगहों पर ओले भी गिरे हैं। उन्नाव में गुरुवार शाम तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जहां फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में खेत में काम कर रहे युवक पर आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।

इन 20 शहरों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के जिन 20 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। उनमें प्रयागराज, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, मुरादाबाद, बरेली, हमीरपुर और झांसी हैं।

3-4 दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम
लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव से तापमान से गिरावट भी आई है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है। अगले तीन-चार दिनों यानी 20 मार्च तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव हुआ है।

किसान के लिए एडवाइजरी जारी
मौसम विभाग ने बदलते मौसम को देखते हुए किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। किसानों को सिंचाई न करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दें। बुवाई, कीटनाशक दवा का छिड़काव भी न करें। आंधी-बारिश से फसल गिरने की आशंका है। बारिश ज्यादा हुई तो सरसों की फसल को अधिक नुकसान हो सकता है।