- “प्लास्टिक सर्जन केवल घाव नहीं भरते, वे मुस्कान और आत्मविश्वास भी लौटाते हैं”
लखनऊ। विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस के अवसर पर सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने बुधवार को लखनऊ गोल्फ क्लब में एसजीपीजीआईएमएस के प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने जलने की घटनाओं की रोकथाम, सही प्राथमिक उपचार और पुनर्निर्माण प्लास्टिक सर्जरी के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
- एसिड अटैक पीड़ितों के लिए नई उम्मीद है प्लास्टिक सर्जरी
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्लास्टिक सर्जरी केवल सौंदर्य बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एसिड अटैक पीड़ितों, अग्निदुर्घटनाओं एवं सड़क हादसों में घायल लोगों, जन्मजात विकृतियों से पीड़ित बच्चों, कैंसर और गंभीर चोटों के मरीजों के जीवन में नई आशा और आत्मविश्वास का संचार करती है। उन्होंने कहा कि इस चिकित्सा शाखा ने अनगिनत लोगों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दिया है।
- “हमने न्याय दिलाया, प्लास्टिक सर्जनों ने नया जीवन दिया”
अपने पुलिस सेवा काल का उल्लेख करते हुए डॉ. सिंह ने एक एसिड अटैक पीड़िता का प्रसंग साझा किया। उन्होंने कहा, “हमने अपराधी को गिरफ्तार कर पीड़िता को न्याय दिलाया, लेकिन प्लास्टिक सर्जनों ने उसका चेहरा, आत्मविश्वास और जीवन फिर से संवार दिया। तभी से इस चिकित्सा शाखा के प्रति मेरा सम्मान असीम है।”
- जलने पर घरेलू नुस्खों से बचने की अपील
डॉ. सिंह ने बताया कि विश्वभर में प्रतिवर्ष लगभग 1.8 लाख लोगों की मृत्यु जलने की घटनाओं से होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जलने पर घाव को लगभग 20 मिनट तक साफ बहते पानी से ठंडा करें, टूथपेस्ट, घी, मक्खन, बर्फ या अन्य घरेलू नुस्खे न लगाएं तथा साफ कपड़े से ढककर तत्काल अस्पताल पहुंचें।
- भारत से शुरू हुआ विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस
उन्होंने बताया कि विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस की शुरुआत भारत में वर्ष 2011 में नेशनल प्लास्टिक एंड रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी डे के रूप में हुई थी, जो वर्ष 2021 से वैश्विक अभियान बन चुका है। उन्होंने इस पहल को भारत की चिकित्सा जगत को महत्वपूर्ण देन बताया।
- चिकित्सकों की सेवाओं का किया सम्मान
डॉ. राजेश्वर सिंह ने एसजीपीजीआईएमएस के प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव अग्रवाल और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए मरीजों के प्रति उनके समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने केजीएमयू के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. तुलिका चंद्रा की उपस्थिति का स्वागत करते हुए ट्रॉमा केयर और प्लास्टिक सर्जरी में रक्तदान की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
- बर्न अवेयरनेस एम्बेसडर बनने का आह्वान
डॉ. सिंह ने लखनऊ गोल्फ क्लब के सचिव रजनीश सेठी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विजय शर्मा, हरीश सिद्धार्थ, करण सहित चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर, गोल्फर, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। समापन पर उन्होंने सभी से बर्न अवेयरनेस एम्बेसडर बनने की अपील करते हुए संदेश दिया— “जलने पर ठंडा पानी डालें, जीवन बचाएँ। जलन रोकें, जीवन बचाएँ। मुस्कान लौटाएँ।”
