अब आंध्र की ओर मुड़ा तूफान, रेड अलर्ट जारी

# ## Environment

(www.arya-tv.com) साइक्लोन असानी ने 24 घंटे में ही अपना रास्ता बदल लिया है। मंगलवार तक ओडिशा और बंगाल की खाड़ी की ओर जाने की आशंकाओं के बीच चक्रवात ने आंध्र प्रदेश की ओर रुख कर लिया है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में रेड अलर्ट जारी कर दिया। यानी तूफान राज्य में तबाही मचा सकता है। इस अलर्ट के बाद राज्य में आज होने वाले इंटरमीडिएट की परीक्षाएं टाल दी गई हैं।

असानी के मद्देनजर बुधवार को विशाखापट्टनम में इंडिगो की सभी फ्लाइट्स (22 आगमन और 22 प्रस्थान) कैंसिल कर दी गई है। वहीं, एयर एशिया ने बेंगलुरु और दिल्ली से विशाखापट्टनम जाने वाली एक-एक फ्लाइट कैंसिल कर दी है।

IMD वैज्ञानिक, संजीव द्विवेदी ने बताया कि चक्रवात बुधवार सुबह तक काकीनाड़ा एवं विशाखापट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकरा सकता है। इसके बाद यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है। आंध्र प्रदेश में इसके चलते रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। तूफान का असर बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में भी रहेगा। 11 से 13 मई तक यहां बारिश होगी, साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी।

असानी से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स…

  • आंध्र के तटीय जिलों गुंटूर और कृष्णा जिलों में रेट अलर्ट जारी किया गया है।
  • श्रीकाकुलम, विजयनगरम और गोदावरी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
  • आंध्र प्रदेश कुछ जिलों में भारी बारिश
    आंध्र प्रदेश में के श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापट्टनम, पूर्वी गोदावरी, कृष्णा, गुंटूर और पश्चिम गोदावरी जिलों में बारिश हो रही है। वहीं, केरल और तमिलनाडु में और भी बारिश की आशंका जताई गई है। इन राज्यों में मंगलवार से ही हल्की बारिश हो रही है।

    अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल

    • स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान, तटीय आंध्र प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश संभव है। गंगीय पश्चिम बंगाल, तटीय ओडिशा, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और दक्षिण कर्नाटक और केरल के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
    • तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, शेष पूर्वोत्तर भारत, बिहार और झारखंड के पूर्वी हिस्सों और पश्चिमी हिमालय के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, आंतरिक ओडिशा, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश की तलहटी में हल्की बारिश हो सकती है।
    • आंध्र प्रदेश, तटीय ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में मध्यम से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। समुद्र की स्थिति खराब बनी रहेगी तथा ऊंची लहरें उठेंगी। दक्षिण हरियाणा, राजस्थान के कुछ हिस्सों, गुजरात मध्य प्रदेश और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में लू की संभावना है।