कमिश्नर-डीएम ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण:रात नौ बजे तक यमुना का जलस्तर एक फीट घटा

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगरा में बाढ़ आने के बाद बुधवार को मंडलायुक्त अमित गुप्ता और डीएम नवनीत सिंह चहल ने ताजमहल के पार्श्व में यमुना के जलस्तर का जायजा लिया। इसके बाद यमुना किनारा, हाथी घाट व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर दवाएं वितरित करने के निर्देश दिए। मंगलवार को उफान के बाद अब यमुना का जलस्तर एक फीट घट गया है, लेकिन खतरा अभी भी बना हुआ है।

मंगलवार दोपहर को निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि जहां जलभराव है वहां पंप लगाकर पानी निकासी की जाए। प्रभावित क्षेत्रों में दवा व ब्लीचिंग पावडर का छिड़काव किया जाए। समुचित साफ सफाई की व्यवस्था हो और शुद्ध पेयजल के लिए नगरायुक्त को निर्देश दिए। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य कैंप लगाकर स्वास्थ्य परीक्षण और दवाएं वितरित करने के लिए कहा।

उन्होंने बाढ़ चौकियों पर सभी जरूरी सामान और व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि यमुना का जल स्तर धीरे- धीरे कम हो रहा है, जिन क्षेत्रों में जल भराव हुआ है, वहां जल निकासी का कार्य किया जा रहा है। राहत शिविर व बाढ़ चौकियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं तथा संबंधित विभागों के अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण पर हैं।

एक फीट कम हुआ जलस्तर
बुधवार को यमुना के जलस्तर को लेकर राहत रही। रात नौ बजे तक यमुना का जलस्तर में एक फीट से ज्यादा की कमी आई। अब यमुना का जलस्तर 498 फीट है। हालांकि ये भी खतरे के निशान से तीन फीट ऊपर है। ऐसे में यमुना किनारे बने गांव और कालोनियों में अभी भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं