आगरा में महिला डॉक्टर की हत्या पर अखिलेश यादव ने कहा- टीवी पर प्रचार की जगह, यूपी में अपराध पर विचार करें

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के आगरा में शुक्रवार शाम महिला डेंटल सर्जन की घर में घुसकर लूट के बाद चाकू मारकर हत्या की घटना पर सियासत शुरू हो गई है। हालांकि देर रात पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। आगरा में लूट के बाद महिला डॉक्टर की हत्या पर अखिलेश यादव ने यूपी सरकार को प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया कि आगरा के एक व्यस्त रिहायशी इलाके में एक महिला डॉक्टर के घर में घुसकर पहले लूटपाट की गई है। इसके बाद उसकी गला रेतकर हत्या किए जाने की घटना से प्रदेश स्तब्ध है। भाजपा सरकार भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने व विपक्षियों को झूठे मुक़दमों में फंसाने में लगी है। सरकार टीवी पर प्रचार की जगह, उत्तर प्रदेश में अपराध पर विचार करे।

शुक्रवार शाम कमलानगर में हुई थी डॉक्टर की हत्या
आगरा में शुक्रवार शाम कमलानगर थाना क्षेत्र के कावेरी कुंज इलाके रह रही महिला डेंटल सर्जन की घर में घुसकर लूट के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घर आए मोबाइल मैकेनिक ने लूटपाट से रोकने पर महिला चिकित्सक के गले पर चाकू से कई वार किये थे। चीख-पुकार सुनकर महिला को बचाने आए उसके बेटा-बेटी पर भी आरोपी ने चाकू से हमला किया। मामले की जानकारी के बाद डॉक्टर निशा को पड़ोसियों ने अस्पताल पहुंचाया। महिला के पति डॉक्टर अजय सिंघल ने पुलिस को सूचना दी थी।