कानपुर देहात पंहुचे अखिलेश यादव, बोले ​संकट भाजपा की देन

# ## Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि यूपी में बिजली संकट जो चल रहा है, वह भाजपा की देन है। मुझे आज ही पता चला है कि भाजपा बिजली महंगी करने वाली है। प्रदेश की भाजपा सरकार की ठोको नीति के कारण अराजक स्थिति है। कानपुर के जाजमऊ पुल से शुरू की समाजवादी विजय यात्रा पांच जिलों में पूरी करने के बाद वह कानपुर देहात से गुरुवार सुबह कार्यकर्ताओं से मिलकर लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कानपुर के जाजमऊ गंगा पुल से समाजवादी विजय यात्रा की शुरुआत की थी। दो दिन में कानपुर, हमीरपुर, महोबा, जालौन और कानपुर देहात में भ्रमण करके भाजपा सरकार की खामियों से जनता को अवगत कराया और सपा सरकार की उपलब्धियों को बताया।

बुधवार शाम कानपुर देहात के अकबरपुर में सभा के बाद वह सर्किट हाउस में ठहरे थे। गुरुवार की सुबह उन्होंने लखनऊ रवानगी से पहले कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। पत्रकारों से वार्ता में कहा कि किसानों और नौजवानों के सम्मान का काम सपा ने हमेशा किया है और करती रहेगी। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि सम्मान समाजवादी लोग करते हैं, चाचा की पार्टी से गठबंधन को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने इतने रुपये खर्च किए पर अन्ना मवेशी की समस्या खत्म नहीं हो सकी। भाजपा के लोगों ने कसमें खाईं लेकिन आज गंगा यमुना पांडु सभी नदियां प्रदूषित हैं।

ढाई साल बाद आए कानपुर देहात

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष करीब ढाई साल बाद कानपुर देहात आए और सपा सरकार में हुए काम याद दिलाए। अमूल प्लांट के सामने बुधवार की शाम आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि इसे हमने ही इस प्लांट को शुरू कराया था। जिले के किसानों व पशुपालकों को दूध बिक्री से मुनाफा हो रहा है। यह सपा सरकार की ही देन है।

भाजपा सरकार ने जिले में अपने कार्यकाल में एक भी उद्योग नहीं लगाया है। वहीं, कानपुर व देहात की धरती से जुड़े रहे पुराने पूर्व सांसद चौधरी हरमोहन सिंह को उन्होंने याद किया, कहा कि जब भी संकट का समय रहा, चौधरी जी हमेशा साथ खड़े रहे। उनका योगदान कानपुर नगर व कानपुर देहात कभी भूल नहीं सकता है। अकबरपुर के पूर्व सांसद राजाराम पाल उनके साथ ही रहे।