आगरा के अगवा डॉक्टर चंबल से बरामद:किडनैपिंग के 30 घंटे बाद राजस्थान के बीहड़ से STF ने डॉक्टर को कराया मुक्त

Agra Zone UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के आगरा से अगवा सीनियर डॉक्टर उमाकांत गुप्ता को राजस्थान के धौलपुर की STF ने बुधवार की रात 2 बजे मुक्त करा लिया। बदन सिंह गैंग के बदमाशों ने डॉक्टर गुप्ता को किडनैप करने के बाद चंबल के बीहड़ों में बंधक बनाकर रखा था। डॉक्टर की कार बुधवार दोपहर धौलपुर से बरामद की गई थी। इसके बाद ही STF ने आसपास के बीहड़ों में सघन कॉम्बिंग की। किडनैपिंग के 30 घंटे के बाद रात दो बजे डॉक्टर एक चबूतरे के नीचे बंधक मिले। हालांकि बदमाश STF के पहुंचने से पहले भाग निकले थे।

30 घंटे तक बाद हुए मुक्त
जानकारी के अनुसार, डाक्टर उमाकांत गुप्ता को मंगलवार की शाम 7 बजे चार बदमाश आगरा से उनकी कार में ही किडनैप कर पहले धौलपुर ले गए थे। धौलपुर के दिहौली क्षेत्र के कठमूरी गांव में तीन बदमाश डॉक्टर को लेकर उतर गए थे। वहां से चंबल के बीहड़ में प्रवेश कर गए थे। डाक्टर की कार को ले जा रहे बदमाश को धौलपुर शहर में चेकिंग के दौरान मंगलवार रात को पकड़ लिया गया था। यहां पर बदमाश से पूछताछ के बाद डाक्टर के अपहरण की कहानी पता चली थी। इसके बाद आगरा और धौलपुर की स्पेशल टीमों ने डाक्टर की बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए थे। 30 घंटे बाद बुधवार रात दो बजे धौलपुर के बीहड़ से डाक्टर को मुक्त कराया गया।

चबूतरे के नीचे छिपा रखा था
सूत्रों ने बताया कि पकडे़ गए बदमाश की निशानदेही पर आगरा और धौलपुर की स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा बीहड़ से सटे एक दर्जन गांव में सर्च आपरेशन चलाया गया था। मगर, वहां पर कोई नहीं मिला। इसके बाद बधुवार रात को पकडे़ गए बदमाश से धौलपुर पुलिस ने दोबारा पूछताछ की  तो उन्हें अहम जानकारी मिली। जानकारी के आधार पर धौलपुर एसपी केसर सिंह शेखावत के निर्देशन में टास्क फोर्स ने रात को फिर से बीहड़ में सर्च ऑपरेशन चलाया। बताया गया है कि धौलपुर के चंबल के बीहड़ में डाक्टर के होने की पुष्टि होने के बाद पूरे आपरेशन को अंजाम दिया गया। धौलपुर की डीएसटी का नेतृत्व सीओ सिटी प्रवेंद्र मेहला कर रहे थे। अपने को घिरता देख बदमाश भाग निकले। बदमाशों ने डाक्टर को एक चबूतरे के नीचे बंधक बनाकर रखा था।

मंगलवार रात साढे़ सात बजे कार से निकले थे।
ट्रांस यमुना कालोनी फेस-2 में डा. उमाकांत गुप्ता का विद्या नर्सिंग होम है। नर्सिंग होम के पीछे ही उनका एफ-46 में उनका निवास है। हास्पिटल संचालक डा. उमाकांत गुप्ता मंगलवार शाम साढे़ सात बजे अपने घर से अपनी नीले रंग की बलीनो कार (यूपी80 ईजे 7472) से हास्पिटल जाने के निकले थे। आम दिनों में वो 10 बजे तक हास्पिटल के राउंड से लौट आते थे। मगर, मंगलवार को रात 11 बजे तक वापस नहीं आए। उनके दोनों मोबाइल फोन भी रात साढे़ आठ बजे से बंद आ रहा था। ऐसे में डा. उमाकांत की पत्नी डा. विद्या गुप्ता को चिंता हुई। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस की कई टीम डाक्टर की तलाश में जुट गई।

बेटे ने कराया अपहरण का मुकदमा
डाक्टर उमाकांत गुप्ता की पत्नी विद्या गुप्ता व दोनों बेटे अभिषेक और अभिलाष भी डाक्टर हैं। तीनोंं शुरू से ही अपहरण की आशंका जता रहे थे। हालांकि अभी तक फिरौती का कोई फोन नहीं आया है। डाक्टर के बेटे अभिषेक ने एत्माद्दौला थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है।

राजा खेड़ा के रास्ते पहुंचे धौलपुर
डाक्टर की लास्ट लोकेशन सैंया के तेहरा में मिली थी। यह जानकारी होने के बाद पुलिस ने सैंया टोल प्लाजा का सीसीटीवी फुटेज चेक किया, लेकिन डाक्टर की कार सीसीटीवी फुटेज में टोल प्लाजा पार करते नहीं दिखाई दी। ऐसे में माना जा रहा है कि अपहर्ता डाक्टर को राजा खेडा़ के रास्ते अंदर ही अंदर धौलपुर ले गए हैं। पुलिस उस रास्ते पर भी सीसीटीवी फुटेज चैक कर रही है।

चंबल में सक्रिय है कई गैंग
पूर्व में कई पकड़ को धौलपुर और चंबल के बीहड़ में रखा गया है। वहां पर पकड़ करने वाले कई गैंग अभी भी सक्रिय हैं। ऐसे में आगरा पुलिस धौलपुर पुलिस के साथ बीहड़ में कांबिंग कर रही है।

कैंसर से जीत चुके हैं जंग
डा. उमाकांत गुप्ता को पिछले साल कैंसर हो गया था। मगर, उन्होंने अपनी हिम्मत और जज्बे से कैंसर को मात दे दी। डाक्टर की सकुशल वापसी के लिए उनके परिजनों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ट्वीट कर उनको जल्द तलाशने का आग्रह किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *