फेरों की तैयारी के बाद दूल्हे ने शादी से किया इनकार, दुल्हन के घर वालों ने बरातियों को बनाया बंधक

Kanpur Zone UP

(www.arya-tv.com) हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात एक गांव में आई बरात की आधी से अधिक रस्में हो चुकी थीं। इसके बाद लड़की पक्ष ने दूल्हे को पागल बताकर शादी से इनकार कर दिया। दूल्हे के पिता सहित अन्य रिश्तेदारों को बंधक बना लिया।

घटना को लेकर दूल्हे ने बरातियों सहित पुलिस को तहरीर सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के पढ़ोरी गांव निवासी धुंधा अहिरवार के घर बीती रात उसकी पुत्री गीता की बारात कालपी (जालौन) से आई थी।

उसकी शादी बलखंडी अहिरवार के पुत्र कपिल से होनी थी। विवाह की सारी रस्में शादी की खुशियों के बीच चल रही थी। वहीं लड़की पक्ष की ओर से बारातियों का स्वागत धूमधाम से किया जा रहा था। साथ ही भोजन व जयमाल सहित अन्य रस्में पूरी हो गईं थी।

रात में दूल्हे कपिल को नींद के चलते चक्कर आने से शादी की खुशियों को ग्रहण लग गया। दुल्हन के जीजा अमरचंद ने दूल्हे को पागल बताकर बखेड़ा खड़ा कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में विवाद हो गया। दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे के पिता सहित अन्य करीबी रिश्तेदारों को बंधक बना लिया।

शादी में खर्च हुए पांच लाख रुपये वापस करने की मांग करने लगे। इस पर दूल्हा बरात सहित कोतवाली पहुंच गया। दूल्हे ने शिकायती पत्र पुलिस को देकर न्याय की गुहार लगाई। दूल्हे ने बताया कि लगभग दो महीने पहले उसकी शादी तय हुई थी। वह लगातार लड़की से फोन पर बात करता रहा।

सुबह दुल्हन के साढू ने लड़की का फोन तोड़ दिया, जिसके चलते उसकी बात नहीं हो सकी। बताया कि चार मई को उसके करीबी रिश्तेदार की ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। इसके चलते वह कई रातों से सो नहीं सका है। इसलिए उसे चक्कर आ गया था।

कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि लड़का पक्ष की तरफ से तहरीर मिली है। चुनाव की व्यस्तता के चलते दोनों पक्षों को शाम को बुलाया गया है। आपसी सहमति से बात बनती है, तो ठीक है अन्यथा तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि बंधक बनाने का कोई मामला संज्ञान में नहीं है।