माघ मेले को लेकर प्रशासन ने शुरू की तैयारी, ये है व्यवस्था

Prayagraj Zone

प्रयागराज (www.arya-tv.com) माघ मेला प्रशासन ने अब पांचवे स्नान पर्व माघी पूर्णिमा के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इस पर्व के लिए सभी स्नान घाटों को व्यवस्थित किया जा रहा है। इसके अलावा चकर्ड प्लेट की सड़कों और पुलों को रिपेयर किया जा रहा है। इस स्नान पर्व के बाद एक स्नान पर्व और बचेगा। वह 11 मार्च को होगा महाशिवरात्रि।

27 फरवरी को है माघ मेले का पांचवा स्‍नान पर्व

माघ मेला के दौरान कुल छह स्नान पर्व होते हैं। इसमें से अब तक मकर संक्रांति, पौष पूर्णिमा, मौनी अमावस्या और वसंत पंचमी स्नान पर्व हो चुके हैं। इन स्नान पर्वो पर भारी भीड़ हुई। मौनी अमावस्या में तो सबसे अधिक भीड़ हुई। बसंत पंचमी तक भीड़ अच्छी रही। लेकिन उसके बाद से संतों का लौटने का क्रम शुरू हो गया। अब माघ मेला का पांचवा स्नान पर्व 27 फरवरी को है। इस स्नान पर्व पर लाखों श्रद्धालु संगम और पुण्य की डुबकी लगाने के लिए आएंगे। श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मेला प्रशासन ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है। स्नान पर्व से पहले सभी घाटों को फिर से तैयार किया जा रहा है। घाटों पर बालू भरकर लगाई गई बोरिया फट गई है।अब वहां पर दूसरी बोरियो को लगाया जा रहा है। इसके अलावा सभी घाटों पर कासा बिछाया जा रहा है।

आठ हजार फीट का घाट तैयार

मेला अधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि पिछले स्नान पर्व की तरह इस बार भी आठ हज़ार फीट का घाट तैयार किया जाएगा। इस बीच गंगा का जलस्तर स्थिर रहा इसलिए कटान जैसी स्थिति नही हुई। उन्होंने बताया कि वाहनों की पार्किंग मेला क्षेत्र में बनाई गई है। सिटी साइड से आने वालों के वाहन परेड मैदान पर और झूंसी की तरफ से आने वालो के वाहन सेक्टर पांच में खड़े कराए जाएंगे। अब तापमान बढ़ने लगा है और मेला में धूल उड़ने लगी है। उसे देखते हुए लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। वैसे मेला के दौरान रोजाना श्रद्धालुओं की भीड़ हो रही है।