छात्रा के साथ दुष्कर्म करके अस्पताल में भर्ती हुआ आरोपी, जानें क्या है पूरा मामला

Agra Zone UP

आगरा(www.arya-tv.com) आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

आरोपी युवक अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी है। छात्रा को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी हालत में सुधार होने पर छुट्टी मिल गई। इसके बाद उसने थाने आकर जानकारी दी। आशंका है कि आरोपी ने विषाक्त पदार्थ खाया है। ऐसा क्यों किया? पुलिस इसकी जांच कर रही है।

एत्माद्दौला क्षेत्र की रहने वाली छात्रा ने पुलिस को बताया कि सोमवार की दोपहर दो बजे वह कॉलेज से लौट रही थी। रास्ते में ललित, उसके दो दोस्त अमित और आकाश मिल गए। तीनों उसे जबरन ऑटो से कीठम ले गए।

ललित ने उसके साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। शोर मचाने पर जेब से एक शीशी निकाली और उसे जबरन पिला दी। जब उसे होश आया तो वह अस्पताल में थी। हालत में सुधार होने पर माता-पिता ले गए।

छात्रा ने आरोप लगाया कि आठ दिन पहले ललित ने उसके साथ एक होटल में दुष्कर्म कर उसका वीडियो भी बनाया था। फोटो भी खींचे। ललित उसे धमकी दे रहा था कि फोटो वायरल कर देगा। परिवार को खत्म करने की धमकी देकर अपने साथ ले गया। पुलिस ने दुष्कर्म और अपहरण की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा गया।