एक युवक पर तेजाब से किया हमला, सेहरा बंधने से पहले भाई की लाश देखकर फूट-फूटकर रोईं पांच बहनें

Agra Zone UP

आगरा(www.arya-tv.com) आगरा के हरीपर्वत क्षेत्र के शास्त्री नगर में गुरुवार की सुबह एक युवती ने अपने प्रेमी पर तेजाब डाल दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। इलाज के दौरान अस्पताल में प्रेमी की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि युवती भी झुलस गई है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

युवती प्रेमी का रिश्ता दूसरी जगह तय होने से खफा थी। इस मामले में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।किराये पर रह रही नर्स सोनम ने देवेंद्र को अपना पति बताया था। वह कभी-कभार आता था।

पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि देवेंद्र रात में सोनम के कमरे पर रुका था। रात में दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ। सुबह तेजाब से झुलसने की घटना सामने आई। सोनम ने अपने बयान में यही कहा कि उस पर तेजाब डाला गया। तेजाब देवेंद्र पर गिर गया। वह बच गई।

परिजनों ने बताया कि देवेंद्र राजपूत की 28 अप्रैल को शादी होने वाली थी। इसके लिए घर में तैयारी चल रही थीं। वह पांच बहनों में इकलौता भाई था। बहनों का दुलारा था। बृहस्पतिवार शाम को देवेंद्र की लाश घर के दरवाजे पर पहुंचते ही कोहराम मच गया। बहनों का बुरा हाल हो गया। मां कुसुमा बेहोश हो गईं। परिवार के अलावा मोहल्ले के लोगों की भी आंखें नम हो गईं। देवेंद्र के पिता खेती करते हैं। उसका रिश्ता कासगंज की युवती से तय हुआ था। कार्ड भी बंटने शुरू हो गए थे।

इन सवालों के जवाब ढूंढ रही पुलिस 

– कमरे पर तेजाब कौन लेकर आया। तेजाब की कट्टी या बोतल कहां है?।
– दोनों के बीच झगड़ा कब से चल रहा था।
– क्या सोनम के परिजनों को भी उसके देवेंद्र से संबंध होने की जानकारी थी।