ताजमहल पर बंदरों का आतंक जारी:न्यूजीलैंड से आए पर्यटक को काटा, नहीं लग पाई वैक्सीन

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  सातवें अजूबे ताजमहल का दीदार करने के दौरान बंदरों से खुद को बचाना मुश्किल हो रहा है। बुधवार को ताजमहल देखने आए न्यूजीलैंड के पर्यटक को बंदर ने काट लिया। ताजमहल के अंदर उन्हे प्राथमिक उपचार मिला पर वैक्सीन नहीं लग पाई।

जानकारी के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया की एयरलाइंस कंपनी के आठ कर्मचारी ताजमहल देखने आए थे। पश्चिमी गेट पर ताज रेस्टोरेंट के पास ग्रुप के सदस्य न्यूजीलैंड निवासी स्टीव के ऊपर बंदर ने हमला कर दिया। बंदर ने उनके कूल्हे पर काट लिया। सभी ने भाग कर खुद को बचाया।

स्टीव को उसके साथी ताजमहल के अंदर ले गए। यहां पुरातत्व विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। स्टीव ने वैक्सीन लगवाने को कहा पर विभाग के पास वैक्सीन नहीं थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में वैक्सीन लगवाने की बात कही और वापस चले गए।

अंदर फेसिंग से राहत, बाहर का नहीं इलाज

पुरातत्व विभाग द्वारा बंदरों से बचाव के लिए ताजमहल परिसर की बाहरी दीवारों पर फेंसिंग को ऊंचा करवाया गया है और साथ ही पेड़ों की टहनियों को कटवाया है। इसके बाद अंदर परिसर में बंदर कम हो गए हैं, लेकिन बाहर अभी भी बुरा हाल है। पूर्वी गेट पर शिल्पग्राम रोड पर बंदरों द्वारा आते जाते पर्यटकों के हाथ से खाने पीने की चीजें छीनना आम बात है और पश्चिमी गेट पर कई बार बंदर पर्यटकों को घायल कर चुके हैं।

बीते माह आठ पर्यटक हुए थे घायल

सितंबर माह में बंदरों द्वारा आठ पर्यटकों को घायल किया गया था। इनमे से ज्यादातर विदेशी पर्यटक थे।सबसे पहले 11 सितंबर को तमिलनाडु से आए पर्यटक शाहीन रशीद को बंदरों ने घायल किया था। इसके बाद 12 सितंबर को स्वीडन की व्योनक ड्रेसलर, 14 सितंबर को दो विदेशी पर्यटकों को,19 सितंबर को स्पेन की पर्यटक सांड्रा बेस्कोस और आठ वर्ष के बच्चे शोएब को, 21 सितंबर को स्पेन से आई क्रिस्टीना और 22 सितंबर को प. बंगाल के मोहम्म्द सलाम को बंदरों ने काटा था।