ई रिक्शा चालक ने युवती से की दरिंदगी, ज्यादा ब्लीडिंग होने पर मेडिकल कॉलेज में छोड़कर भाग गया

# ## UP

(www.arya-tv.com)  मामा के यहां से ई रिक्शा से अपने घर जा रही एक युवती के साथ शहर के एक आवास में ई रिक्शा चालक ने दरिंदगी की। बताया जा रहा है कि रिक्शा चालक के साथ उसका एक साथी भी शामिल था लेकिन पुलिस इस बात से इनकार कर रही है। युवती की हालत गंभीर होने और उसके निजी अंग से रक्तस्राव अधिक होने पर उसे शुक्रवार सुबह जिला महिला अस्पताल छोड़कर चालक फरार हो गया। डॉक्टरों की सूचना पर एसपी सिटी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवती की मां की तहरीर पर अज्ञात  के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जिले के जरवल रोड थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 20 वर्षीय युवती हुजूरपुर थाना क्षेत्र में स्थित गांव में अपने मामा के यहां दो माह से रह रही थी। गुरुवार को युवती अपने घर के लिए रवाना हुई। युवती एक ई रिक्शा पर बैठी। कैसरगंज में पहुंचने पर युवती अपनी चाची का इंतजार करने लगी। इस पर ई रिक्शा चालक ने युवती को इंतजार करने वाले को अपना परिचित बताते हुए झांसे में लिया। इसके बाद उसे शहर के रोडवेज बस अड्डे के निकट अपने आवास में ले गया।

यहां पर उसके साथ पूरी रात दरिंदगी की। सुबह हालत गंभीर होने और रक्तस्राव अधिक होने पर युवती को चालक जिला महिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। एसपी सिटी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, सीओ सिटी राजीव सिसोदिया, कोतवाली नगर, देहात और दरगाह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।

युवती के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने युवती के मां की तहरीर पर अज्ञात ई रिक्शा चालक के विरुद्ध कोतवाली नगर में दुष्कर्म का केस दर्ज किया है जिसमें महिला ने बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और मारने पीटने का आरोप लगाया है। एसपी सिटी ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।

आरोपियों की संख्या अधिक होने की आशंका
दरिंदगी की शिकार युवती जिस हालत में है। उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवती के साथ ई रिक्शा चालक के साथ अन्य कई लोगों ने भी दरिंदगी की है। हालांकि, यह जांच का विषय है। पुलिस ने अभी एक अज्ञात आरोपी पर केस दर्ज किया है साथ ही युवती के होश में आने और बयान देने पर ही कुछ कहा जा सकता है।