- लखनऊ नगर निगम प्रतिनिधिमंडल ने गुजरात के मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार भेंट
लखनऊ/गांधीनगर। लखनऊ नगर निगम का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के नेतृत्व में गुजरात के दौरे पर है। इसी क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने गांधीनगर स्थित गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शहरी विकास, स्वच्छता, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं तथा नगर निकायों के बीच आपसी सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल में नगर निगम की उपाध्यक्ष श्रीमती चरनजीत गांधी, पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, अन्य पार्षदगण के साथ नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, चीफ इंजीनियर सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। भेंट के दौरान महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने लखनऊ नगर निगम द्वारा संचालित विकास एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी तथा अहमदाबाद मॉडल से प्रेरणा लेकर लखनऊ में उसे लागू करने की मंशा व्यक्त की।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि गुजरात में शहरी विकास और स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए नवाचारों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने अहमदाबाद द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने का उल्लेख करते हुए इसे जनभागीदारी, मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था और आधुनिक तकनीक का परिणाम बताया।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि गुजरात सरकार शहरी प्रबंधन, कचरा निस्तारण, स्मार्ट सिटी समाधान, खेल एवं पर्यटन अवसंरचना जैसे क्षेत्रों में अपने अनुभव लखनऊ नगर निगम के साथ साझा करने के लिए सदैव तत्पर रहेगी। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने इस भेंट को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इससे लखनऊ में स्वच्छता और विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
