(www.arya-tv.com)रानी हया से दुबई के किंग शेख मोहम्मद बिन राशिद अल-मकतूम ने तलाक ले लिया है। बदले में रानी हया को 5500 करोड़ रुपए (554 मिलियन पाउंड) देने होंगे। ब्रिटेन के हाईकोर्ट ने किंग को इसके लिए आदेश दिया है। हाईकोर्ट के जज फिलिप मूर ने अपने फैसले में कहा, रानी हया और उनके बच्चों को आतंकवाद या फिर अपहरण जैसे खतरों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे हालात में उनकी सुरक्षा के लिए खास इंतजाम होने चाहिए। ब्रिटेन में उन्हें खास सुरक्षा की जरूरत है।
रकम डिवोर्स सेटलमेंट और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए
जज ने कहा कि किंग को यह रकम डिवोर्स सेटलमेंट और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए अदा करनी होगी। यह सेटलमेंट ब्रिटिश कानूनी इतिहास के सबसे बड़े सेटलमेंट में से एक है। जॉर्डन के पूर्व किंग हुसैन की बेटी रानी हया ने किंग से तलाक के लिए 14,000 करोड़ की रकम मांगी थी। उन्होंने पति से अपनी जान का खतरा भी बताया था।
सिक्योरिटी के तौर पर बैंक में रखे जाएगे
वकीलों के मुताबिक, शेख की ओर से दी जाने वाली रकम में से 2500 करोड़ रुपए (251.5 मिलियन पाउंड) राजकुमारी हया को एकमुश्त दिए जाएंगे। उनके दोनों बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए 2900 करोड़ रुपए (290 मिलियन पाउंड) सिक्योरिटी के तौर पर बैंक में रखे जाएगे। इसके अलावा बच्चों के बड़े होने पर हर साल 112 करोड़ रुपए (11.2 मिलियन पाउंड) देने होंगे। राजकुमारी हया ने इस सेटलमेंट के लिए लगभग 14 हजार करोड़ रुपए (1.4 बिलियन पाउंड) मांगे थे।
2019 में दुबई छोड़कर इंग्लैंड चली गईं रानी हया शेख
ऑक्सफोर्ड से राजनीति, दर्शनशास्त्र और अर्थशास्त्र की पढ़ाई करने वाली रानी हया शेख मोहम्मद की छठी पत्नी हैं। 2004 में दुबई के किंग शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम से निकाह किया। 2019 में अचानक दुबई छोड़कर इंग्लैंड चली गईं। इसके बाद अपने पति पर कई आरोप लगाए। राजकुमारी ने खुद को जान का खतरा भी बताया था।