BJP बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन के लिए तैयार होने लगा निराला नगर मैदान, जानिए कैसा होगा पंड़ाल

Kanpur Zone

कानपुर (www.arya-tv.com) 20 हजार से ज्यादा बूथ अध्यक्षों को बैठाने के लिए निराला नगर स्थित मैदान में भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को मंच तो बनना शुरू हो ही जाएगा, इसके साथ ही मौसम खराब होने का अंदेशा हुआ तो पूरा पंडाल वाटर प्रूफ बनाया जा सकता है।

निराला नगर मैदान में भारतीय जनता पार्टी का बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन यूं तो 23 नवंबर को है लेकिन इसकी तैयारियां मैदान के साथ ही मैदान के आसपास नजर आने लगी हैं। मैदान के अंदर जहां जमीन को समतल किया जा चुका है। वहीं मंच के सामान के लिए दिल्ली की निर्माता कंपनी के लोग गुरुवार को ही रवाना हो गए थे। अब शुक्रवार को यहां मंच बनना शुरू हो जाएगा।

मैदान में 20 हजार से ज्यादा कुर्सियां पड़नी हैं। मुख्यमंत्री के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। इसलिए मंच की सुरक्षा आदि के लिए पुलिस भी ध्यान रख रही है। मैदान के अंदर डी बनाकर लोगों को सुरक्षा घेरे के बाहर बैठाया जाएगा।

वहीं मैदान के बाहर सड़क पर डिवाइडर पर काली और पीली पट्टियां बनाना शुरू हो गया है। नंदलाल चौराहा से यह तैयारी पटेल चौराहा तक नजर आ रही है। कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी बूथ अध्यक्षों को यहां बुलाया जा रहा है। पार्टी उनके सामने बड़ा संदेश देना चाहती है।

पास में ही कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के कार्यालय का भी उद्घाटन उस दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे लेकिन कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर सभी बूथ अध्यक्ष वहां नहीं रहेंगे। वहां करीब 500 लोग होंगे। बाकी सभी लोग निराला नगर मैदान में ही सीधे पहुंचेंगे। मैदान की व्यवस्थाएं किस तरह की हों, इसके लिए भाजपा प्रदेश कार्यालय भी सीधे तौर पर कार्यों पर नजर रख रहा है। इसके लिए उसने प्रदेश कार्यालय प्रभारी को भी कानपुर भेज दिया है।