(www.arya-tv.com) पंजाब में अमरिंदर सिंह का विकल्प तलाश पाना कांग्रेस के लिए बहुत ही मुश्किल काम है। वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी ने सीएम बनने से इंकार कर दिया है। इसके बाद से आलाकमान और पंजाब के अन्य नेताओं के बीच मंथन जारी है।
इस बीच कैप्टन के इस्तीफे को लेकर भाजपा ने कांग्रेस हाईकमान पर हमला बोला है। भाजपा सरकार में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने सोनिया व राहुल गांधी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के आलाकमान को अमरिंदर की लोकप्रियता से डर लगने लगा था। पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह लोकप्रिय नेता हैं। वे राहुल गांधी व सोनिया गांधी से ज्यादा लोकप्रिय हो गए थे, इसलिए एक निष्ठावान मुख्यमंत्री को पद से हटा दिया गया है।
जो खुद मुसीबत में हैं वे हमसे सवाल पूछ रहे
प्रहलाद जोशी ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो खुद मुसीबत में फंसे हैं, वे हमपर सवाल कर रहे हैं। उन्हें जवाब देने का कोई फायदा नहीं है।
भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज
इस्तीफे के बाद कैप्टन की भाजपा से नजदीकियों की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसकी एक वजह यह भी है कि दिल्ली दौरे के बाद से कैप्टन भाजपा के कई बड़े नेताओं के संपर्क में हैं। कैप्टन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच घनिष्ठ संबंधों की पंजाब से लेकर दिल्ली तक चर्चाएं होती रहती हैं। कैप्टन भी यह बात स्वीकार कर चुके हैं कि 2017 में कांग्रेस आलाकमान से नाराजगी के बीच वह भारतीय जनता पार्टी में जाने के लिए सोच रहे थे। पार्टी में पंजाब से लेकर दिल्ली तक नेताओं में चर्चा हो रही है। इस मुद्दे को लेकर पंजाब में भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की दिल्ली के कई नेताओं के साथ वर्चुअल बैठक भी हो चुकी है।