(www.arya-tv.com)रैपर एमसी कोड उर्फ आदित्य तिवारी बुधवार को नई दिल्ली से लापता हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी आखिरी पोस्ट में खुदकुशी का इशारा किया था। वे पिछले कुछ दिनों से वायरल हो रहे अपने एक पुराने वीडियो के चलते विवादों में थे, जिसमें उन्होंने हिंदू महाकाव्य महाभारत पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। सोशल मीडिया पर उनके कमेंट का जमकर विरोध हुआ था। लोगों ने उन्हें हिंदूफोबिक और स्त्री विरोधी बताया था। उन्हें धमकियां मिल रही थीं और उनकी गिरफ्तारी की मांग भी की जा रही थी। विवाद बढ़ने के बाद कोड ने माफी मांग ली थी।
आखिरी पोस्ट में क्या लिखा कोड ने?
कोड ने अपनी आखिरी पोस्ट में लिखा था कि लगातार मिल रही प्रताड़ना ने उन्हें कमजोर बना दिया है। उन्होंने लिखा, “मुझे उम्मीद थी कि अंत में यह सब ठीक और शांत हो जाएगा। फिलहाल, मैं अकेला यमुना नदी के सुनसान ब्रिज पर खड़ा हूं, जहां से मैं देख सकता हूं कि लहरें मेरे दर्द का जवाब दे रही हैं।”
कोड ने आगे लिखा, “मैं सिर्फ माफी मांग सकता हूं, क्योंकि मेरे स्वार्थ भरे फैसलों ने कई लोगों को आहत किया है। लेकिन आपको यह महसूस कराने की जरूरत है कि मेरे लिए अंत में शांति और अपने आसपास के लोगों की सुरक्षा इस कीमत पर आती है। मैं अपने अलावा किसी और को दोष नहीं देता। मेरे वजूद से छुटकारा सजा की तरह काम करेगा, जो कि पूरा देश चाहता है। शुक्रिया।”
कोड के फॉलोअर्स बोले- यह सुसाइड नोट
कोड की इस पोस्ट के बाद से उनके फॉलोअर्स दावा कर रहे हैं कि यह सुसाइड नोट है। कई लोगों ने उन्हें लेकर चिंता जताई है और दिल्ली पुलिस से उनकी गुमशुदगी की जांच करने की अपील कर रहे हैं। इससे पहले कोड ने अपनी वायरल पोस्ट के लिए माफी मांगते हुए लिखा था कि ये सब वो चीजें हैं, जो वे टीनेज में करते थे। रैपर ने यह दावा भी किया था कि उनके पास कमाने का कोई साधन नहीं बचा है। उनके मुताबिक, कई ब्रांड्स ने उनके साथ करार रद्द कर दिए थे।
