फ्लाइट्स में हिंसा बढ़ी:यात्रियों का पहली बार ऐसा उग्र व्यवहार, 2500 शिकायतें मिलीं, इनमें मास्क न पहनने के 1900 मामले

International

(www.arya-tv.com)हवाई उड़ानों के दौरान अमेरिका में यात्रियों के अभद्र बर्ताव और हिंसा की घटनाएं बढ़ी हैं। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन को जनवरी के बाद अब तक यात्रियों द्वारा बदसलूकी की 2500 शिकायतें मिली हैं। इनमें पैसेंजरों के प्लेन में मास्क पहनने के निर्देश का पालन न करने के 1900 मामले शामिल हैं। इस बीच बढ़ती हिंसा के कारण दो प्रमुख एयरलाइनों- अमेरिका और साउथवेस्ट ने फ्लाइट्स के दौरान शराब परोसने का इरादा त्याग दिया है।

एजेंसी ने बताया कि वह पहले उपद्रवी मुसाफिरों के बर्ताव की शिकायतें दर्ज नहीं करती थी क्योंकि पिछले कुछ वर्षों से ऐसी घटनाओं की संख्या औसत थी। लेकिन, 2020 में यात्रियों के उग्र व्यवहार की घटनाओं में काफी बढ़ोतरी हुई है। फ्लाइट अटेंडेंट्स एसोसिएशन की प्रेसीडेंट सारा नेलसन हमने पहले ऐसा कभी नहीं देखा था। इतनी खराब स्थिति कभी नहीं थी।

हिंसा की नई घटना इस सप्ताह हुई है। रविवार को साउथ वेस्ट एयरलाइंस की फ्लाइट में एक महिला ने फ्लाइट अटेंडेंट के मुंह में घूंसा मार दिया। घटना का वीडियो वायरल हो गया। हमले से अटेंडेंट को दो दांत टूट गए। एयरलाइन ने हमलावर महिला पर आजीवन प्रतिबंध लगाया है।