7 लाख से अधिक हुनरमंदों को रोजगार उपलब्ध कराएंगे :मुख्तार अब्बास

Lucknow

(www.arya-tv.com)राजधानी लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में 24वें हुनर हाट का रविवार को समापन हो गया। 22 जनवरी से शुरू हुए हुनर हाट के समापन कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने हाट का अवलोकन किया और कई पकवानों को भी चखा। उन्होंने कहा कि देश के शिल्पकारों को उनकी प्रतिभा तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने के लिए हुनर हाट का आयोजन अल्पसंख्यक मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है। हम स्वराज के 75वें वर्ष में प्रवेश करने वाले हैं। हम आजादी की 75 वीं वर्षगांठ मनाने जा रहे हैं। जिसके चलते हमने शिल्पकारों को देश व विदेश में नाम कमाने तथा उनको आर्थिक स्थिति से मजबूत करने के लिए 75 हुनर हाट आयोजित करने का लक्ष्य रखा है।

25वां हुनर हाट कर्नाटक के मैसूर में शुरू हुआ
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि 25वां हुनर हाट कर्नाटक के मैसूर में 6 तारीख से शुरू हो चुका है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा ने इसका उद्घाटन किया है। वहीं 20 फरवरी को दिल्ली में हुनर हाट का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि राजस्थान, गोवा, इंदौर, मुंबई में भी हुनर हाट का आयोजन किया जाएगा। यूपी सरकार के निवेदन के चलते पहली बार लखनऊ में हुए हुनर हाट की तिथि को 3 दिन के लिए बढ़ाया गया। पर आज इसका का आखरी दिन है।

7 लाख 50 हजार हुनरमंदों को रोजगार उपलब्ध कराएंगे

मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हम हुनर हाट के माध्यम से 7 लाख 50 हजार हुनरमंदों को रोजगार उपलब्ध कराएंगे। जिसके लिए पूरी रूपरेखा तैयार हो चुकी है। हमारी हस्तकला हस्तशिल्प धीरे-धीरे लुप्त हो रही थी और हमारे कलाकारों को मौका नहीं मिल पा रहा था। इसके कारण हुनर हाट का आयोजन किया गया और इसमें करोड़ों रुपए की खरीदारी हुई। दस्तकारों, शिल्पकारों को हुनरहाट में हम निशुल्क स्टॉल लगाने के लिए देते हैं। हुनरमंदों को हम टीए-डीए की सुविधा भी मुहैया कराते हैं। कोविड-19 के दौरान ही, हमने दिल्ली में हुनर हाट का आयोजन किया है।