रामपुर के मृतक किसान नवरीत सिंह के परिजनों से मिलने जाएंगे राहुल एवं प्रियंका

National

(www.arya-tv.com)दिल्ली में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा में मारे गए किसान नवरीत सिंह के परिजनों से मिलने कांग्रेस की महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी के साथ राहुल गांधी भी जाएंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों लोग रामपुर जिले में नवरीत सिंह के परिजनों के घर 12:00 बजे के करीब सड़क मार्ग से पहुंचेंगे। उनके साथ अन्य नेता भी शामिल हो सकते हैं।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली में 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा में किसान नवरीत सिंह की मौत हो गई थी। इसके बाद कांग्रेस के सांसद शशि थरूर समेत एक दर्जन पत्रकारों ने मौत पर सवाल उठाए थे। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को लेकर विवाद के बाद रामपुर जिला प्रशासन की ओर बयान जारी किया गया था।

रामपुर जिला प्रशासन की ओर से जारी बयान में मीडिया में मेडिकल ऑफिसरों के नाम से प्रकाशित रिपोर्ट का खंडन किया गया है। इसके अलावा एक न्यूज चैनल वेबसाइट के संपादक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई हैं।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गोली का जिक्र नहीं
रामपुर प्रशासन की ओर से जारी नोट में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहबाद के चिकित्साधिकारी डॉ. मोहम्मद जुबैर, जिला चिकित्सालय के ईएमओ डॉ. दशरथ सिंह और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शुक्ला के हस्ताक्षर हैं। इसमें कहा गया है कि नवरीत सिंह (24) का पोस्टमॉर्टम 27 जनवरी को रात दो बजे थाना अध्यक्ष बिलासपुर के मेमो पर तीन मेडिकल पैनल ने किया था जिसकी नियमानुसार विडियोग्राफी भी कराई गई।

इस वारदात के बाद दिल्ली पुलिस ने एक वीडियो फुटेज भी जारी किया था जिसमें यह देखा गया था कि पुलिस बैरिकेड को तोड़ने की कोशिश में एक ट्रैक्टर पलट जाता है और कुछ लोगों के ऊपर गिर जाता है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी गोली मारने की कोई बात नहीं की गई। यूपी, मध्य प्रदेश और हरियाणा पुलिस पत्रकार समेत कई लोगों के खिलाफ देशद्रोह की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर चुकी है। इसमें कांग्रेस नेता शशि थरूर भी शामिल हैं।