तापमान में बड़ा बदलाव दो दिन बाद कम हो सकती है ठंड़

Lucknow

लखनऊ (www.arya-tv.com) प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी है। हवा की दिशा उत्तर पूर्वी होने से गुरुवार को दिन में भी बादल छाए रहे और गलन बनी रही। न्यूनतम तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह सभी जगह घना कोहरा छाया रहने से लोग देर तक घरों में दुबके रहे। मौसम विभाग को अनुमान है कि अगले दो दिन कोहरे और ठंड का सितम यूं ही जारी रहेगा। हालांकि, इसके बाद कोहरे में कमी आएगी।  कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अभी कुछ दिन कोहरे के साथ धूप निकलेगी। एक या दो दिन बदली भी छाई रह सकती है। गुरुवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 16.3 डिग्री और न्यूनतम 6.7 डिग्री, कानपुर में अधिकतम 19.4 और न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। औरैया, इटावा, फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री, बांदा, उरई, उन्नाव में 5 डिग्री, कानपुर देहात, कन्नौज में 5.8 डिग्री, हमीरपुर में 6 डिग्री, महोबा, चित्रकूट में 7 डिग्री, फर्रुखाबाद में 8 डिग्री सेल्सियस रहा।