पुजारी के पकड़े जाने के बाद गांव में सन्नाटा, बाकी दोनों आरोपियों के घर पर ताला

UP

(www.arya-tv.com) बदायूं में 50 साल की महिला से गैंगरेप और उसकी हत्या के मुख्य आरोपी पुजारी सत्यनारायण को गिरफ्तार हुए 24 घंटे से ज्यादा वक्त बीत चुका है। लेकिन, गांव के लोग उसके बारे में बात करने से कतराते हैं। न ही कोई घटना के संबंध में बोलना चाहता है। गांव के लोग यह जरूर कहते हैं कि पिछले 4 दिन से पूरा गांव छावनी बना हुआ था। पुजारी की गिरफ्तारी के बाद अब राहत मिली है।

गांव की गलियों में सन्नाटा है। इस केस के बाकी दो आरोपियों के घर पर ताला लगा है। इस बीच एक चौंकाने वाली बात सामने आई है। पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, पीड़ित और पुजारी के बीच तीन महीने में फोन पर 800 बार बातचीत हुई थी। पुलिस के पास दोनों की कॉल डिटेल भी है।

आरोपी शिष्य वेदराम के घर पर लगा है ताला
गांव के आखिरी छोर पर पुजारी के शिष्य और आरोपी वेदराम का घर है। उसके घर की कुंडी लगी है। पड़ोसियों ने बताया कि वेदराम की पत्नी की बहुत समय पहले मौत हो चुकी है। उसके पांच बच्चे हैं।तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। एक बेटा 10 साल का और बेटी 12 साल की है। दोनों बच्चे वेदराम की गिरफ्तारी के बाद अपनी बहनों के घर चले गए हैं। हादसे का असर इतना है कि पड़ोसी वेदराम के बारे में कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। उनका कहना है कि वेदराम से गांव में किसी का ज्यादा बोलचाल नहीं है।

आरोपी ड्राइवर की पत्नी बोली- हम तो अब भगवान भरोसे हैं
उघैती थाने से लगभग 200 मीटर दूरी पर बदायूं रोड पर आरोपी ड्राइवर जसपाल का घर है। घर के बाहर उसके बड़े भाई ओमपाल मिलते हैं। वह गैंगरेप की बात को सिरे से नकारते हुए सारा दोष मीडिया पर मढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया ने गलत खबर चलाई और अब इसीलिए पुलिस भी प्रेशर में है। हम CBI जांच की मांग करते हैं। जसपाल गाड़ियां चलाता है और कुछ खेती बाड़ी है, जिससे उसके परिवार का पेट पलता है। वह किराए पर गाड़ी ले जाता है। हालांकि पुजारी से कितना किराया तय हुआ था, यह ओमपाल नहीं बता पाए।

जसपाल की पत्नी का मायका भी केयवली गांव में है। यह वही गांव है जहां पीड़िता का ससुराल है। जसपाल की पत्नी चंद्रकली बार-बार बेहोश हो रही हैं। उनका ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ रहा है। दोनों बच्चे और घर के सदस्य उन्हें संभालते हैं। चंद्रकली जब सामान्य होती हैं तो बताती हैं कि रविवार को देर शाम जब वेदराम का फोन आया तो जसपाल सो रहे थे। उसने मरीज की बात कह उन्हें बुलाया। फिर देर रात वह 12 बजे के करीब लौटे और उन्होंने बताया कि वह एक लहुलुहान महिला को अस्पताल पहुंचाने चंदौसी गए थे।

जब अस्पताल वालों ने उसे एडमिट नहीं किया तो वे उसे उसके घर छोड़ आए। इसके बाद जब FIR दर्ज हुई तो घर में राय मशविरा करने के बाद वह फरार हो गए। तब 4 बजे पुलिसवाले हमें पकड़ ले गए तो फिर मेरे घरवालों ने रात 11 बजे उन्हें थाने में पेश कर दिया। फिर हम छूट कर आ गए। अब भाई के साथ वकीलों के चक्कर काट रहे हैं। अब तो सब भगवान पर छोड़ दिया है कि अगर निर्दोष होंगे तो छूट ही जाएंगे।