व्हाइट हाउस में पालतू पशु:व्हाइट हाउस में रही आखिरी बिल्ली का नाम इंडिया था

International

(www.arya-tv.com)जोसफ बाइडेन ने अमेरिकी राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ते हुए कहा था कि अब व्हाइट हाउस में पालतू पशु की वापसी का समय आ गया है। पहले बताया गया कि निर्वाचित राष्ट्रपति बाइडेन और भावी फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन जर्मन शेपहर्ड चैम्प और मेजर के साथ राष्ट्रपति आवास में तफरीह करेंगे। लेकिन, लगता है कि दस साल से अधिक समय बाद एक बिल्ली भी राष्ट्रपति के पैट्स में जगह बनाएगी।

वाशिंगटन में टीवी चैनल फॉक्स 5 को इंटरव्यू में जिल बाइडेन ने संकेत दिया था कि यदि उनके पति राष्ट्रपति चुनाव जीतते हैं तो वे बिल्ली पालना पसंद करेंगी। मुझे घर में जानवर रखना पसंद है। बिल्ली के नाम और नस्ल की जानकारी नहीं मिली है। बाइडेन जनवरी में व्हाइट हाउस में पैट्स रखने की परंपरा बहाल करेंगे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने कार्यकाल में कोई पैट नहीं रखा है। बाइडेन की बिल्ली व्हाइट हाउस में पहली बिल्ली नहीं होगी।

राष्ट्रपति पैट म्यूजियम के इतिहासकार एंड्रयू हेगर बताते हैं, अब्राहम लिंकन बिल्लियों को बहुत पसंद करते थे। उनके विदेश मंत्री ने उन्हें दो बिल्लियां भेंट की थीं। हेगर ने बताया, एक बार लिंकन ने अपने मित्र से कहा था कि उनकी बिल्ली डिक्सी उनके पूरे मंत्रिमंडल से अधिक स्मार्ट है। वह कोई बात नहीं करती है। जॉन एफ कैनेडी, जेराल्ड फोर्ड, जिमी कार्टर के परिजनों ने भी बिल्ली पाली थी। संभवत: व्हाइट हाउस की सबसे लोकप्रिय बिल्ली बिल क्लिंटन की सॉक्स थी। काले, सफेद रंग की कैट ने सुपर निनटेंडो वीडियो गेम-सॉक्स द कैट रॉक्स द हिल के कारण मीडिया का ध्यान खींचा था। इंटरनेट के कारण सॉक्स को अधिक लोकप्रियता मिली थी।

केरल में बुश का पुतला जलाया गया था

व्हाइट हाउस में रही आखिरी बिल्ली का नाम इंडिया था। उसका एक अन्य नाम विली था। राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के परिवार की बिल्ली अक्सर बुश परिवार के दो स्कॉटिश टेरियर कुत्तों-बार्नी और मिस बीजली के कारण परदे के पीछे रहती था। बिल्ली का नाम इंडिया होने का भारत में विरोध हुआ था। केरल में 2004 में प्रदर्शनकारियों ने बिल्ली का नाम इंडिया रखने पर आपत्ति जताई थी। इस मौके पर जार्ज बुश का पुतला जलाया गया। व्हाइट हाउस आर्काइव्स के अनुसार काली बिल्ली का नाम टेक्सास रेंजर्स टीम के पूर्व बेसबॉल खिला़ड़ी रुबेन सिएरा पर पड़ा था। उनका खास नाम अल इंडिया था। जनवरी 2009 मेेेें इंडिया की मृत्यु हो गई थी।