- भाजपा विधानमंडल के नेता तार किशोर प्रसाद
- भाजपा विधानमंडल दल की उप नेता रेणु देवी
चार बार से विधायक बन रहे तारकिशोर
(www.arya-tv.com) भाजपा विधानमंडल दल के नेता बने तारकिशोर प्रसाद कटिहार से चौथी बार विधायक बने हैं। 64 वर्ष के तारकिशोर की कोई संतान नहीं है। 1974 में ललित नारायण विवि से इंटर पास तारकिशोर प्रसाद 1980 के दशक से ही ही राजनीति व सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। वे पहली बार फरवरी 2005 में कटिहार से विधायक बने। इसके बाद अक्टूबर 2005 और साल 2010 में भी विधायक बने। साल 2015 में महागठबंधन की लहर में भी तारकिशोर ने चुनाव जीता। 2020 में वे चौथी बार कटिहार से विधायक चुने गए हैं। संगठन में कई पदों पर रह चुके तारकिशोर प्रसाद अप्रत्याशित रूप से पार्टी के विधानमंडल दल के नेता चुने गए। शांत स्वभाव पर विभिन्न मोर्चों पर पार्टी का मजबूती से पक्ष रखना इनकी खासियत है।
चौथी बार विधायक चुनी गई हैं रेणु
रेणु देवी बेतिया विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार विधायक निर्वाचित हुई हैं। वह 62 वर्ष की हैं। रेणु देवी के एक पुत्र व एक पुत्री है। साल 2000 में पहली बार विधायक बनीं रेणु देवी 2005 और साल 2010 में विधायक निर्वाचित हुईं। साल 2015 में मात्र दो हजार से भी कम मतों से चुनाव हार गईं। इस बार 2020 में फिर वे बेतिया से चुनी गईं हैं। 1977 में मुजफ्फरपुर विवि से इंटर पास रेणु देवी 1988 से ही राजनीतिक व सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उनकी मां संघ परिवार से जुड़ी थीं। ननिहाल से ही उनका भाजपा व संघ से लगाव हुआ। रेणु देवी संगठन में महिला मोर्चा की अध्यक्ष, तीन राज्यों में महिला मोर्चा की प्रभारी, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य से लेकर अमित शाह के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमेटी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। वे 2005 से 2009 तक राज्य की खेल, कला एवं संस्कृति मंत्री भी रह चुकी हैं।