(AryaNews:Lko): Hema
केरल में बाढ़ से हुई तबाही के बाद अब आंध्र प्रदेश के लोगों को भी बाढ़ का खतरा सताने लगा है। दरअसल, राज्य में गोदावरी और कृष्णा नदी अपने उफान पर हैं।
राज्य सरकार ने इन नदियों के आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को चेतावनी जारी कर दी है। इसके साथ ही सरकारी तंत्र भी हाई अलर्ट पर हैं।
ताकि समय रहते ही किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटा जा सके। राज्य में बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रह रहे सैकड़ों गांववालों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के अनुसार अभी तक किसी के घायल होने या संपत्ति को नुकसान होने की खबर नहीं है। गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से आंध्र प्रदेश के कृष्णा और गुंटूर जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण राज्य की दूसरी अहम नदियां भी उफान पर हैं। हालांकि अभी तक दो जिलों में 28 गांव जल स्तर बढ़ने से प्रभावित हुए हैं और सैकड़ों गांववालों से स्थान खाली करा लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि दो जिलों में सैकड़ों एकड़ में फैली फसलें नष्ट हो गईं। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने वर्षा से प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों से बात की और उनसे हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा।