- लक्ष्मण मेला मैदान, जियामऊ और एल्डिको के रैन बसेरों का लिया जायजा, जरूरतमंदों को मिलेगी बेहतर सुविधा
- एल्डिको रैन बसेरे में 120 लोगों के ठहरने की व्यवस्था, एनिमल केयर हॉस्पिटल का निर्माण 31 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश
लखनऊ। बढ़ती ठंड के मद्देनजर निराश्रित और जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शहर के लक्ष्मण मेला मैदान, जियामऊ और एल्डिको स्थित रैन बसेरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी जरूरी सुविधाएं निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
- रैन बसेरों में बढ़ेगी ठहरने की क्षमता और सुविधाएं
लक्ष्मण मेला मैदान स्थित रैन बसेरे में दो नए कमरों का निर्माण कराया गया है। नगर आयुक्त ने शेष कार्य तीन दिन में पूरा करने को कहा। जियामऊ रैन बसेरे में पेंटिंग, शीशे लगाने और अन्य सुधार कार्य एक सप्ताह में पूरे करने के निर्देश दिए। वहीं, एल्डिको स्थित जी प्लस थ्री भवन वाले रैन बसेरे में 120 लोगों के ठहरने की क्षमता है। यहां पुताई समेत शेष कार्य एक सप्ताह में पूरा कराने को कहा गया।
- एनिमल केयर हॉस्पिटल और चिनहट तालाब का निरीक्षण
नगर आयुक्त ने जोन-4 में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत निर्माणाधीन एनिमल केयर हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया। मुख्य भवन का स्ट्रक्चर पूरा हो चुका है और ब्रिकवर्क जारी है। यहां पशुओं के लिए कैनोपी, पार्क और बड़े पशुओं के लिए शेड विकसित किए जा रहे हैं। परियोजना 31 दिसंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अमृत योजना के अंतर्गत विकसित चिनहट तालाब के शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अविनाश त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं क्षेत्रीय अवर अभियंता उपस्थित रहे।
