डॉ. राजेश्वर सिंह:परिसीमन और महिला आरक्षण से लोकतंत्र होगा और व्यापक, आधी आबादी को मिलेगी निर्णायक भागीदारी 

Lucknow
  • 2029 से 33% महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में निर्णायक पहल, हर राज्य में लोकसभा और विधानसभा सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव
  • उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 और विधानसभा सीटें 403 से लगभग 605 होने की संभावना
  • सरोजनीनगर में तारा शक्ति केंद्रों के माध्यम से 11 हजार से अधिक महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर

लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े केंद्र सरकार के तीन विधायी प्रस्तावों का स्वागत करते हुए इन्हें भारतीय लोकतंत्र को अधिक समावेशी, सशक्त और व्यापक बनाने वाला कदम बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को साहसिक और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि इन प्रस्तावों से महिलाओं को नीति निर्माण और लोकतांत्रिक निर्णयों में निर्णायक भागीदारी का अवसर मिलेगा।

  • महिला आरक्षण से मजबूत होगी आधी आबादी की आवाज

डॉ. सिंह ने कहा कि महिला आरक्षण का उद्देश्य केवल संसद और विधानसभाओं में सीटें बढ़ाना नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को उन फैसलों में भागीदार बनाना है, जो उनके जीवन को सीधे प्रभावित करते हैं। लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण से महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार, पोषण और आर्थिक नीतियों के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को भी अपनी आरक्षित श्रेणियों में प्रतिनिधित्व का लाभ मिलेगा।

  • परिसीमन से बढ़ेगा जनप्रतिनिधित्व

विधायक ने कहा कि देश की जनसंख्या, शहरीकरण और सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों में व्यापक बदलाव आया है। ऐसे में प्रतिनिधित्व का विस्तार समय की आवश्यकता है। प्रस्ताव के अनुसार प्रत्येक राज्य में लोकसभा और विधानसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है। इससे उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 और विधानसभा सीटें 403 से बढ़कर लगभग 605 होने की संभावना है।

  • लखनऊ और सरोजनीनगर को मिलेगा व्यापक प्रतिनिधित्व

डॉ. सिंह ने लखनऊ का उदाहरण देते हुए कहा कि तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों के साथ सरोजनीनगर जैसे विधानसभा क्षेत्र में गांव, औद्योगिक क्षेत्र, नई आवासीय कॉलोनियां और विकसित होती बस्तियां शामिल हैं। ऐसे विविध क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं को बेहतर ढंग से समझने और जनता की आवाज को नीति निर्माण तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधित्व का विस्तार आवश्यक है।

  • तारा शक्ति केंद्रों से 11 हजार महिलाएं आत्मनिर्भर

सरोजनीनगर में महिला सशक्तिकरण के प्रयासों का उल्लेख करते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि तारा शक्ति केंद्रों के माध्यम से 11 हजार से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को अवसर और नेतृत्व का मंच मिलता है, तो वे परिवार, समाज और अर्थव्यवस्था तीनों को मजबूत बनाती हैं। महिला नेतृत्व को सशक्त करना विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।