ग्रेटर नोएडा के GIMS में खुलेंगे चार नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग, बढ़ेंगी MBBS और नर्सिंग की सीटें

# ## Lucknow

लखनऊ,  : ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जीआईएमएस) में चिकित्सा सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा। संस्थान में चार नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा कॉर्निया ट्रांसप्लांट सेंटर और वयस्क मरीजों के लिए व्यापक हीमोफीलिया उपचार केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। संस्थान के अगले 10 वर्षों के विकास के लिए तैयार विजन प्लान भी स्वीकृत हो गया है।

मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में मंगलवार को जीआईएमएस की 11वीं शासी निकाय की बैठक में ये निर्णय लिए गए। संस्थान की 10 वर्षीय विकास योजना को तीन चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में वर्ष 2028 तक तात्कालिक विकास कार्य, दूसरे चरण में वर्ष 2031 तक रणनीतिक योजना और तीसरे चरण में वर्ष 2035 तक दीर्घकालिक विकास कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

चार नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग बनेंगे

संस्थान में पहले से स्वीकृत आठ सुपर स्पेशियलिटी विभागों के अतिरिक्त चार नए विभाग स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अस्पताल के बेसमेंट के सुदृढ़ीकरण एवं विकास और मेडिकल कॉलेज परियोजना से संबंधित प्रस्तावों को भी अनुमोदन दिया गया। इससे गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।आंखों के गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों के उपचार के लिए कॉर्निया ट्रांसप्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा। वहीं, हीमोफीलिया से पीड़ित वयस्क मरीजों के लिए व्यापक उपचार केंद्र बनाया जाएगा। इससे मरीजों को विशेष उपचार के लिए दूसरे चिकित्सा संस्थानों पर निर्भरता कम होगी।

बढ़ेंगी एमबीबीएस व नर्सिंग की सीटें

बैठक में संस्थान को राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएच) और राष्ट्रीय परीक्षण एवं अंशांकन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) से मान्यता मिलने की उपलब्धि की सराहना की गई। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा वी. हेकाली झिमोमी ने एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाकर 250 और बीएससी नर्सिंग की सीटें 100 करने के साथ नर्स प्रैक्टिशनर पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही का सुझाव दिया।

बैठक में विशेष सचिव वित्त अलका वर्मा, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नूपुर गोयल, महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा नेहा शर्मा, निदेशक पीजीआईसीएच नोएडा डॉ. ए.के. सिंह, पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी, वित्त नियंत्रक सत्येन्द्र सागर और डीन एकेडमिक्स डॉ. रम्भा पाठक समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।