पंचकोसी परिक्रमा को लेकर आज गुरुवार शाम छह बजे से अयोध्या धाम में वाहन प्रवेश नहीं कर सकेंगे। यातायात डायवर्जन लागू हो जाएगा, जो 20 नवंबर तक परिक्रमा व भीड़ समाप्त होने तक लागू रहेगा। प्रशासन द्वारा जनपद वासियों एवं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गो का उपयोग करें। वाह्य जनपद गोंडा, बस्ती आदि के वाहन जिन्हें लखनऊ की तरफ जाना है वह पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते से जा सकते है। इसी प्रकार से लखनऊ, बाराबंकी से आने वाले वाहन जिन्हें गोंडा, बस्ती की तरफ जाना है वह भी पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे का प्रयोग करेंगे।
इस तरह लागू होगा डायवर्जन
-लकड़मंडी चौराहा बैरियर : लकड़मंडी चौराहे से पुराने सरयू पुल की ओर सभी प्रकार वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित।
-दुर्गागंज माझा बैरियर : यहां से पुराने सरयू पुल नहीं जा सकेंगे वाहन।
-साकेत पेट्रोल पंप बैरियर : यहां से धर्मपथ होते हुए लता मंगेशकर चौक की ओर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध।
-हनुमान गुफा चौराहा बैरियर : यहां से लता मंगेशकर चौक व वासुदेव घाट तिराहा की ओर सभी प्रकार वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध।
-गांधी आश्रम बैरियर : लता मंगेशकर चौक की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित।
-बालू घाट (यलो जोन) बैरियर : रामघाट चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे वाहन।
-आसिफ बाग चौराहा बैरियर : दर्शन नगर की ओर से आने वाले सभी प्रकार वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित।
-बूथ नंबर चार बैरियर : यहां से साथी तिराहा की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित।
-विद्याकुंड तिराहा बैरियर : यहां से आसिफबाग चौराहा की ओर नहीं जा सकेंगे वाहन।
-महोबरा फ्लाईओवर बैरियर : यहां से चूड़ामणि चौराहा की ओर नहीं जा सकेंगे किसी प्रकार के वाहन।
-टेढ़ी बाजार चौराहा बैरियर : यहां से चूड़ामणि चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित।
-उदया फ्लाईओवर साकेतपुरी कॉलोनी कट बैरियर : उदया फ्लाईओवर परिक्रमा मार्ग होने के कारण सभी प्रकार के वाहन सर्विस लेन पर प्रतिबंधित रहेंगे।
-उदया चौराहा बैरियर : गैस गोदाम तिराहा तिराहा की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित।
गैस गोदाम तिराहा बैरियर : गैस गोदाम तिराहा से परिक्रमा मार्ग पर नहीं चल सकेंगे किसी प्रकार के वाहन।
-कटरा तिराहा बैरियर : द्वारिकाधीश मंदिर तिराहा से परिक्रमा मार्ग पर नहीं जा सकेंगे वाहन।
-राजघाट बंधा तिराहा बैरियर : परिक्रमा मार्ग की ओर नहीं जा सकेंगे किसी प्रकार के वाहन।
यहां खड़े होंगे वाहन
-फटिकशिला आश्रम के पास रामघाट रेलवे हाल्ट पुल के बगल पार्किंग, साकेत पेट्रोल पंप, बैरियर से धर्मपथ होकर आने वाले वाहन फटिकशिला आश्रम के बगल, व रेलवे पुल के नीचे, बहराइच भवन के सामने बंधा मार्ग व फुटपाथ पर पार्किंग। वहीं, साकेत पुल के दाहिने खाली मैदान व दशरथ पथ पार्किंग पर दो पहिया वाहन खड़े होंगे।
साकेत अंडरपास से आने वाले वाहन बैकुंठ धाम के बगल खाली स्थान, महर्षि महेश योगी रामायण विवि. परिसर, बालू घाट के बगल मल्टीलेवल पार्किंग में खड़े होंगे। एनएच-27 व बूथ नंबर चार होकर आने वाले वाहन सूर्या पैलेस के बगल, साथी तिराहा फ्लाईओवर के नीचे, आसिफबाग फ्लाईओवर के नीचे खड़े होंगे। वहीं, शहर क्षेत्र रामपथ से होकर आने वाले उदया चौराहे के पास डीटीआई में, आईटीआई परिसर में खड़े होंगे। गोंडा जिले की ओर से आने वाले वाहन कटरा रेलवे स्टेशन के सामने मैदान में खड़े होंगे।
परिक्रमा का मुहूर्त
-20 नवंबर की भोर 3:01 बजे से 21 नवंबर रात्रि 2:37 बजे तक।
